चंद ही मिनटों में पहुंच गए 525 आवेदक
भास्कर न्यूज - यमुनानगर
हड़ताल पर बैठे कांट्रेक्ट कर्मचारियों को बाहर निकालने की सूचना पाते ही बिजली निगम में नई भर्ती होने वाले बेरोजगारों का जमावड़ा लग गया। देखते ही देखते सैकड़ों युवक एसई कार्यालय में पहुंच गए।
दोपहर तीन बजे तक कार्यालय में 525 आवेदक पहुंच गए थे। आवेदकों का मानना है कि अगर वे एक बार कांट्रेक्ट पर लग गए तो कभी न कभी तो सरकार उन्हें पक्का कर ही देगी। कांट्रेक्ट पर भर्ती के लिए भी अफसरों को वीआईपी सिफारिश आ रही थी। निगम के अधिकारियों की माने तो बिजली की शिकायत कम नौकरी की सिफारिश के फोन ज्यादा आए। जिनमें से 46 को अधिकारियों ने शार्ट लिस्ट किया। बिजली निगम के एसई एचपी शर्मा ने बताया कि 525 आवेदनों में से 46 की लिस्ट फाइनल कर अप्रूवल के लिए मुख्यालय भेजी है।
बिजली निगम के पास कुल 363 कांट्रेक्ट कर्मचारी हैं। इनमें से 152 कर्मचारी सीधे बिजली निगम ने रखे हुए हैं। जबकि 211 कांट्रेक्ट कर्मचारी ठेकेदार के माध्यम से रखे हुए हैं। इनमें से कुल 337 कांट्रेक्ट कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वीरवार सुबह बिजली निगम के मुख्यालय से चिट्ठी आई की अगर कांट्रेक्ट कर्मचारी अगर दोपहर 12 बजे तक हड़ताल छोड़ कर ड्यूटी पर वापस नहीं लौटते तो सभी को नौकरी से हटा दिया जाए। उनकी जगह नई युवकों को भर्ती किया जाए। पलभर में ही यह खबर पूरे जिले में हवा की तरह फैल गई। पहले दो-चार, फिर दर्जनों आईटीआई पास युवक अपने तमाम कागजात व रिज्यूम के साथ एसई कार्यालय में पहुंच गए।
बिजली निगम के 337 कर्मचारी रहे हड़ताल पर
बेरोजगार आने लगे एसई कार्यालय में नौकरी के लिए।