१० गांवों को मिलेगी मुफ्त कानूनी सलाह
भास्कर न्यूज - गुहला-चीका
जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की अध्यक्षा रितु टैगोर ने शुक्रवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में गांव भूना में कानूनी सहायता केंद्र का उद्घाटन किया। यह प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पी. सथाशिवम द्वारा वीडियो क्रांफैं्रसिंग के माध्यम से शुरू करने के साथ ही देशभर में अमल में लाई गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि इस विधिक सेवा केंद्र द्वारा आसपास के 10 गांवों भूना सहित खरकड़ा, कांगथली, सैर, नानकपुरा, थेहमुकेरियां, रामदासपुरा, थेह बुटाना, ककहेड़ी, पापसर, डेरा कुचियांवाला के लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह व कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर रविवार को इस केंद्र में बाद दोपहर 2 से 5 बजे तक एडवोकेट चरण सिंह व उनके साथ दो प्राधिक सेविकाएं मनदीप कौर व रजवंत कौर ग्रामवासियों को निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करने के संदर्भ में जानकारी देने के साथ-साथ प्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव देंगी। इस अवसर पर एसडीएम अशोक बंसल, नवनियुक्त जज भरत कुमार, कुमारी सुमन व विनित नरवाल, हरलीन पाल सिंह सहित उपमंडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह राणा, अधिवक्ता जीवन सिंह नैन, रंती रमन शर्मा, लक्ष्मी नारायण, सुखचैन सिंह, राजेश बिंदलिश, जगबीर सिंह व संजय शर्मा इत्यादि मौजूद रहे।
भूना में कानूनी सहायता केंद्र का उद्घाटन करते मुख्य न्यायाधीश पी. सथाशिवम व अन्य।