- Hindi News
- काम में लगे १०० कर्मचारी थके,बच्चों ने सुखाया मैदान
काम में लगे १०० कर्मचारी थके,बच्चों ने सुखाया मैदान
विकास बत्तान.कुरुक्षेत्र - गणतंत्र दिवस समारोह को सफल बनाने का जिम्मा खुद स्कूली बच्चों ने ही उठाया। स्कूल के बच्चों ने बरसात के कारण गीले हुए द्रोणाचार्य स्टेडियम को सुखाने के लिए रेतीली मिट्टी डाली। करीब दो घंटे तक स्कूल के विद्यार्थी इस काम में जुटे रहे। ताकि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उनके कपड़े कीचड़ में न धंसें।
हालांकि इस काम को करने का जिम्मा प्रशासन ने कर्मचारियों को सौंपा था, लेकिन इसे पूरा किया खुद विद्यार्थियों ने। दिलचस्प बात तो यह कि स्कूल के बच्चों से काम कराने की फोटो जैसे ही दैनिक भास्कर के कैमरे में कैद हुई तुरंत बच्चों को काम छोडऩे के लिए कहा गया। इसके कुछ देर बाद फिर से कार्रवाई शुरू करवा दी गई।
कर्मचारी थके इसलिए लगे विद्यार्थी : इस बारे में जब मौके पर मौजूद शिक्षक से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि यूं तो कर्मचारी भी मैदान को सुखाने में लगे हुए थे। अब वे काफी थक गए हैं। जिसके चलते अब विद्यार्थियों को उनकी इच्छा से मैदान सुखाने के काम में कुछ देर के लिए लगाया गया है। ताकि रविवार को होने वाले कार्यक्रम के दौरान उनके कपड़े खराब न हों।
गणतंत्र दिवस मनाने के लिए द्रोणाचार्य स्टेडियम के मुख्य मंच को तिरंगा पट्टियों से सजाया गया है। वहीं हरे, पीले, नीले, गुलाबी, लाल और सुनहरी रंग के झंडे भी लगाए गए हैं। स्टेडियम में टुकडिय़ों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पीटी शो, लेजियम, डंबल, योग और मलखंभ के लिए सफेदी लगाकर स्थान भी निर्धारित किया गया। वहीं प्रवेश द्वार रंगोली बनाई जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि मौसम को देखते हुए पंडाल वाटर प्रूफ बनाया गया है। वहीं स्टेडियम में वीआईपी, स्वतंत्रता सेनानी, प्रेस, अधिकारीगण, पुरस्कार विजेता, परिवारों व दर्शकों के बैठने के लिए दीर्घा बनाई गई हैं।