पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हड़ताल खुलवा कर कुछ लोगों ने धोखा किया जसबीर सिंह

हड़ताल खुलवा कर कुछ लोगों ने धोखा किया- जसबीर सिंह

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कैथल
हरियाणा कर्मचारी महासंघ व सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित सभी विभागों के कर्मचारियों ने हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर होने वाली 72 घंटे की राज्यव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन भी कर्मचारियों ने हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लिया। बुधवार को शिक्षा विभाग के कार्यालयों के शत-प्रतिशत कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल हो गए। आज सभी विभागों के कर्मचारियों ने जवाहर पार्क में इकट्ठे होकर सभा की तथा हरियाणा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
पार्क में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन संबंधित सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान जसवीर सिंह ने कहा कि कुछ लोगों ने रोडवेज की हड़ताल को तुड़वाकर कर्मचारियों के साथ धोखा किया है जिसमें 19 जनवरी को कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के साथ-साथ 322 करोड़ रुपए एरियर देने की बात सरकार द्वारा मानी गई थी और 3519 बसों के परमिट देने के लिए बनाई जाने वाली कमेटी जिसमें पहले यूनियन नेताओं को भी शामिल किया गया था लेकिन अब कमेटी में सिर्फ तीन मंत्री ही होंगे। इस समझोते के अनुसार यह कमेटी जो रिपोर्ट देगी, कर्मचारियों को उसे मानना होगा। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन संबंधित सर्वकर्मचारी संघ इस समझौते को सिरे से नकारती है। उन्होंने कहा कि जब तक गिरफ्तार किए गए यूनियन के राज्य प्रधान सरबत पूनिया के साथ अन्य नेताओं को रिहा नहीं किया जाता और 3519 बसों के प्राइवेट परमिट रद्द करने के साथ-साथ कच्चे कर्मचारियों को पक्का करके 322 करोड़ रुपए एरियर नहीं दिया जाता तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य उपप्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि सरकार कर्मचारी नेताओं की गिरफ्तारियां करके आंदोलन को दबा नहीं सकती यदि अब भी कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों को लागू नहीं किया जाता तो आज होने वाली तालमेल कमेटी की बैठक में अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी जाएगी।
सभा को सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान नरेश कुमार, हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान रमेश शर्मा, जरनैल सिंह, ओमप्रकाश गोयत, सतबीर गोयत, जयप्रकाश शास्त्री, राजेश ढुल, रामधारी, जगरूप, ईश्वर सिरोही, बूटा सिंह, कृष्ण कौशिक, शमशेर धारीवाल, सरदारा राम, राजेंद्र, शिवचरण व शकुंतला ने भी संबोधित किया।