- Hindi News
- मेहनताना मामला ! जांच कमेटी को सहयोग न देने में फंस सकता है राज मिस्त्री
मेहनताना मामला -!- जांच कमेटी को सहयोग न देने में फंस सकता है राज मिस्त्री
भास्कर न्यूज - कैथल
शिक्षा विभाग ने पबनावा स्कूल के निर्माण कार्य से राज मिस्त्री को मेहनताना न मिलने की शिकायत की रिपोर्ट तैयार करा ली है। इसमें शिकायत कर्ता जांच कमेटी को सहयोग न देने में स्वयं फंस सकता है। रिपोर्ट को फरवरी में होने वाली कष्ट निवारण समिति की बैठक में पेश किया जाएगा।
स्वयं ही दिलाया था दूसरे मिस्त्री को काम : शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ईश्वर चंद ने स्कूल के कमरे का निर्माण कार्य पूरा करने का जिम्मा लिया था। उसने कमरे की नींव भरी थी। इसी दौरान उसे किसी दूसरे स्थान पर काम मिल गया। उसने स्वयं ही अपने साथी को स्कूल में कमरा निर्माण का काम सौंप दिया था। स्कूल प्रबंधक समिति ने ईश्वर चंद को मेहनताना दे दिया था।
इस प्रकार स्कूल की तरफ शिकायत कर्ता का कोई मेहनताना नहीं रहा। जांच कमेटी ने राज मिस्त्री को दो बार सहयोग करने के लिए कहा था। लेकिन उसने जांच कमेटी का सहयोग करने से साफ मना कर दिया। जांच कमेटी ने गांव के सरपंच, स्कूल प्रबंधक समिति व स्कूल हैडमास्टर के बयानों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की है।
हमने जांच करा ली है
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतीश राणा ने कहा कि उन्होंने इस मामले की तथ्यों के आधार पर जांच करवा ली है। जांच को कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में पेश किया जाएगा। इस पश्चात जो उन्हें कार्रवाई के लिए आदेश होगा, वहीं कार्रवाई की जाएगी। राजमिस्त्री जांच कमेटी का सहयोग न करने पर स्वयं ही फंस सकता है।
ये था मामला
कष्ट निवारण समिति की बैठक में ढांड से आए राज मिस्त्री ईश्वर चंद ने मुख्य संसदीय सचिव राम किशन गुर्जर को शिकायत की थी कि शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधक समिति ने कमरा बनाने के लिए कहा था। उसने काम किया। लेकिन उसे 70 हजार रुपए मेहनताना देने के स्थान पर किसी दूसरे राज मिस्त्री को सारा पैसा दे दिया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा था कि उन्होंने पैसा दे दिया है। उनके पास राज मिस्त्री की कोई बकाया राशि नहीं है।