पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ‘पंचायती राज डायरेक्टर सरपंच पर कार्रवाई करें’

‘पंचायती राज डायरेक्टर सरपंच पर कार्रवाई करें’

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - गुहला चीका
पपराला गांव के सरपंच द्वारा लाखों रुपए का गबन करने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के कुछ लोगों का एक शिष्टमंडल चंडीगढ़ में डायरेक्टर पंचायती राज से मिला। शिष्टमंडल का नेतृत्व गांव के नंबरदार अजमेर सिंह कर रहे थे।
चीका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अजमेर सिंह ने बताया कि डायरेक्टर पंचायती राज को सरपंच की सारी कारगुजारी के दस्तावेज सौंपकर उसके खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गौरतलब है कि सरपंच पर गांव में विकास कार्य के नाम पर आई राशि को नियमानुसार न लगाकर उसमें भारी धांधली का आरोप लगा थे। गांव के ही पंच नरेंद्र सिंह द्वारा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी से आरटीआई के तहत ली गई सूचना में गांव के सरपंच ने विकास कार्य के लिए आए 11 लाख रुपयों में से साढ़े पांच लाख रुपए का गबन करना पाया गया था।
आरोप सिद्ध होने पर भी कार्रवाई नहीं : ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने के बाद विभाग द्वारा की गई जांच में भी आरोप सिद्ध होने के बाद विभाग किसी प्रकार की कोई कार्रवाई करता दिखाई नहीं दे रहा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने जल्द ही सरपंच व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई न की तो वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि गांव में सरपंच द्वारा 90 स्ट्रीट लाइटों को लगभग पांच लाख 37 हजार रुपए की लागत से लगाया था।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया था कि रिकॉर्ड में लाइटों की कीमत लागत से ज्यादा दिखाई गई है। वहीं उनकी क्वालिटी भी उत्तम दर्जे के नहीं है। ग्रामीणों की शिकायत पर पंचायती राज अधिकारी गुहला ने इस मामले में जांच करते हुए उपमंडल अधिकारी पंचायती राज((विद्युत)) अंबाला से इन स्ट्रीट लाइटों का आंकलन करवाया था।
उन्होंने गांव में लगाई गई प्रत्येक स्ट्रीट लाइट की कीमत 2500 रुपए आंकी थी। जबकि सरपंच ने रिकार्ड में 70 लाइटों को 6300 रुपए प्रति लाइट के हिसाब से तथा 20 लाइटों को 4800 रुपए प्रति लाइट के हिसाब से दिखाया था। वहीं जब बीडीपीओ सूरजभान से बातचीत की गई तो उन्होंने इस संबंध में गोलमोल जवाब दिया और वे अपना पिंड छुड़ाते दिखाई दिए।




सरपंच के खिलाफ उचित कार्रवाई

होगी : डीडीपीओ

डीडीपीओ राजेश कौथ से जब इस संबंध में बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि गांव पपराला के सरपंच ने विकास कार्यों में अधिक अदायगी दिखाई है। उन्होंने कहा कि ग्राम सरपंचों को पहले भी स्पष्ट हिदायत दी जा चुकी है कि विकास कार्यों में कोई कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरपंच द्वारा की गई ज्यादा अदायगी की रिकवरी की जाएगी। जिला उपायुक्त के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।