- Hindi News
- ऑटो चालकों ने लगाया सेवादारों पर मारपीट करने का आरोप
ऑटो चालकों ने लगाया सेवादारों पर मारपीट करने का आरोप
भास्कर न्यूज - सिरसा
रेलवे स्टेशन के पास गुरूवार को डेरा के सेवादारों व ऑटो चालकों में विवाद हो गया। सभी ऑटो चालक कार्रवाई की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। ऑटो चालकों ने सेवादारों पर उनके एक साथी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
रेलवे स्टेशन से सवारी उठाने वाले ऑटो चालकों के प्रधान पवन उर्फ मोंटी ने बताया कि सुबह 10 बजे ट्रेन आई। जब वे ऑटो में सवारियां बैठाने लगे तो डेरा के सेवादारों ने उनके ऑटो से सवारियां उतार ली। उसके बाद वे उनके साथी जयकिशन पुत्र श्रीचंद को उठाकर अपने टैंट में ले गए। उसके साथ मारपीट की। ऑटो चालक गोलू, पंकज, रोहताश, अनिल, बलजीत, अमरीक, प्रेम ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा के सेवादार उनके साथ बदसलूकी करते हैं। वे जबरदस्ती उनके ऑटो में से सवारियां उठाकर अपने ट्रकों में बैठाते हैं। जब उनका विरोध करते हैं तो ऑटो जलाने व मारपीट करने की धमकी देते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विवाद हो चुका है। सभी ऑटो चालक गुरुवार को इस पर कार्रवाई की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए।
2011 में भी हुआ था विवाद
रेलवे स्टेशन से चलने वाले करीब 60 ऑटो चालकों व डेरा के सेवादारों के बीच वर्ष 2011 में भी सवारियों उठाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसे प्रशासन ने सुलझाया था। जनवरी माह को डेरा सच्चा सौदा अवतार माह के रूप में मनाता है। इस माह डेरा श्रदालुओं की भीड़ डेरा सच्चा सौदा आती है। रेलवे स्टेशन से डेरा तक सवारियों को ले जाने के लिए ऑटो चालकों व डेरा के वाहन चालकों की बीच मारामारी रहती है।
सभी ऑटो चालक कार्रवाई की मांग लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे