डॉक्टरों ने सीएमओ ऑफिस को घेरा
भास्कर न्यूज - सिरसा
बंसल हॉस्पिटल के एमडी मेडिसिन डॉ. एमआर बंसल पर सिटी थाना में एमटीपी ((मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी)) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हो गई है। दो दिन पहले बंसल हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर रिकॉर्ड में कमियां निकाली थी। सोमवार को एफआईआर केंसिल करने की मांग को लेकर सिटी में पीपीए ((प्राइवेट प्रेक्टिशनर एसोसिएशन)) व आईएमए ((इंडियन मेडिकल एसोसिएशन)) से जुड़े डॉक्टरों ने अनिश्चित कालानी हड़ताल शुरू कर दी। डॉक्टरों ने अस्पताल की ओपीडी बंद कर सड़कों पर उतर गए। दिनभर नारेबाजी करते रहे। दोपहर बाद सिविल अस्पताल पहुंचकर सीएमओ ऑफिस को घेर लिया। मीटिंग हुई लेकिन निर्णय नहीं निकला तब सभी वहां से निकल आए। उधर, दिनभर शहर में सभी प्राइवेट अस्पताल की ओपीडी बंद रहने से दूर दराज से इलाज के लिए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह 9 शुरू हुई हड़ताल
सोमवार सुबह 9 बजे पीपीए व आईएमए से जुड़े सिटी के सभी डॉक्टर टाउन पार्क के आगे अनिश्चित कालीन हड़ताल कर धरने पर बैठ गए। डॉक्टरों की मांग थी कि डॉ. एमआर बंसल पर दर्ज एफआईआर रद्द की जाए। बाद में सब नारेबाजी करते हुए बाजारों में उतर गए। वे रेडलाइट से होकर पहले सदर बाजार, रोड़ी बाजार, सुरतगढिय़ा चौक से होकर शिव चौक होते हुए दोपहर पौने 2 बजे सिविल अस्पताल पहुंच गए। प्रदर्शनकारी डॉक्टर लाउडस्पीकर से नारे लगाते हुए सीएमओ ऑफिस में पहुंच गए। सीएमओ उम्मीदवारों के इंटरव्यू लेने में व्यस्त थे, तो प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने ऑफिस का घेराव कर सीएमओ बाहर आओ के नारे लगाए। करीब 10 मिनट बाद सीएमओ डॉ. एसके नैन बाहर आए तो सभी डॉक्टरों ने एफआईआर रद्द करने की मांग दोहराई। बाद में सीएमओ ऑफिस में आईएमए के प्रधान डॉ. आरके मेहता सहित एक दर्जन डॉक्टरों ने बंद कमरे में मीटिंग की।लेकिन कोई पुख्ता जवाब नहीं मिला।