- Hindi News
- बेटियों को लेकर घूमते रहे डॉ. डैडी, मम्मी ने दिया इंटरव्यू
बेटियों को लेकर घूमते रहे डॉ. डैडी, मम्मी ने दिया इंटरव्यू
प्रमोद कुमार. सिरसा
जुड़वां बेटियों को अपने दोनों कंधों पर बैठाकर पूरा दिन सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर घूमते नजर आए कालांवाली के मेडिकल ऑफिसर डॉ. इंद्रजीत। उनकी पत्नी डॉक्टर दीपिका इंटरव्यू देने के लिए आई हुई थी तो बेटियों को रखने की जिम्मेदारी डॉक्टर डैडी पर थी। दरअसल, सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में विभिन्न योजना के तहत डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए वाक इन इंटरव्यू रखे गए थे। अधिकतर डॉक्टरों के पर एक-एक ही थे मगर उन पदों पर इंटरव्यू देने आए उम्मीदवारों की संख्या काफी अधिक थी। डेंटल सर्जन की पोस्ट के लिए कालांवाली पीएचसी में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर डॉ. इंद्रजीत की पत्नी दीपिका भी इंटरव्यू देने आई थी। उन्होंने 17 सितंबर 2012 को जुड़वां बेटियों ने जन्म दिया था। बेटियां शैलीन व शैरील अब सवा साल की हो चुकी हैं। सोमवार को मम्मी को इंटरव्यू देने जाना था, तो शैलीन व शैरील को रखने की जिम्मेदार डॉक्टर डैडी पर आ गई। दोनों बहनें बिना मम्मी के रो रही थी तो पापा ने दोनों को कंधे पर बैठाकर पूरे अस्पताल में टहले, तब जाकर दोनों बहनें चुप हुई। पूरा दिन इंटरव्यू देने आए उम्मीदवार ये नजारा देखकर मुस्कुरा रहे थे कि डॉक्टर डैडी को आज पता चली है कि आखिर ममता क्या चीज है।
बॉक्स:: साढ़े 10 बजे के बाद जमा नहीं हुआ फार्म:
सोमवार को डेंटल सर्जन की 1 पोस्ट के लिए कुल 20 फार्म जमा हुए। आयुष मेल एएमओ की 2 पोस्ट के लिए 9 फार्म, आयुर्वेदिक फिमेल डॉक्टर की 1 पोस्ट के लिए 8 फार्म, ब्लॉक आशा कॉर्डिनेटर की 3 पोस्ट के लिए 20 फार्म जमा हुए। फार्म सुबह 9 बजे से लेकर साढ़े 10 बजे तक जमा करवाने का समय रखा गया था। काफी उम्मीदवार साढ़े 10 बजे के बाद भी आते रहे जिनके फार्म जमा नहीं किए जा सके। पूरा दिन इन पोस्टों के लिए पहले रिटन टेस्ट, इंटरव्यू लिए गए। अभी इन पदों पर नियुक्ति का काम पेंडिंग है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में ओपीडी देखने के लिए भी कांट्रेक्ट पर रखे जाने वाले सर्जन के लिए भी सोमवार को इंटरव्यू रखे गए थे। इनमें गायनी एमडी की 2 पोस्ट, पैड्रिटिशन की 1 पोस्ट, फिजीशियन की 2 पोस्ट, सेक्ट्रीशिस्ट व रेडियालॉजिस्ट की 1-1 पोस्ट व 7 मेडिकल ऑफिसर की पोस्ट के लिए 4 उम्मीदवारों ने इंटरव्यू दिए।
बॉक्स:: फिजीशियन के लिए रिटायर्ड डायरेक्टर ने दिया इंटरव्यू:: सिविल अस्पताल में ऐसा पहली बार हो रहा था, कि डायरेक्टर की पोस्ट पर रह चुके डॉ. पीआर कायस्थ खुद कांट्रेक्टर पर फिजीशियन लगने के लिए सीएमओ के पास इंटरव्यू देने आए। डॉ. पीआर कायस्थ स्वास्थ्य विभाग से डिप्टी डायरेक्टर के पद से रिटायर्ड हैं। अब फिजीशियन की पोस्ट निकली तो 65 साल की उम्र में फिर से मरीज देखने का मन बना लिया। वे सिरसा के सीएमओ भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में भी कई पोस्टों के लिए उन्होंने खुद इंटरव्यू लिए थे मगर आज इंटरव्यू लेने वाले रिटायर्ड अफसर खुद डिग्रियों का लिफाफा उठाकर इंटरव्यू देने आए। उनको देखकर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी हैरान भी थे।
इंटरव्यू लिए हैं, नियुक्ति का काम प्रोसेस में:
अलग अलग योजना के तहत डॉक्टर के पदों के लिए सोमवार को इंटरव्यू लिए गए हैं। पहले पंजीकरण किया गया था, इसके बाद रिटन व इंटरव्यू हुआ है। नियुक्ति का काम अभी प्रोसेस में है। डॉक्टरों की नियुक्ति के बाद अस्पताल का काम ओर अधिक बेहतर हो जाएगा।
-डॉ. एसके नैन, सीएमओ।