लोकसभा चुनाव के लिए मुहिम की शुरू
हजकां कार्यालय में बैठक हुई
भास्कर न्यूज - ऐलनाबाद
भारतीय जनता पार्टी ने सिरसा लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार का नाम फाइनल करने के लिए पार्टी के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता की राय जानने की मुहिम शुरू की है। इस प्रक्रिया में पार्टी कैडर की तरफ से जिस व्यक्ति के पक्ष में सर्वाधिक राय उभरकर सामने आएगी उसे टिकट दी जाएगी।
इसी संबंध में भाजपा की बूथ स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को हजकां कार्यालय में हुई। जिसकी अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता ने की। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी ने चुनाव लडऩे के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे थे, जिसके तहत सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कुल 11 लोगों ने आवेदन पार्टी के पास भेजा है। पार्टी की ओर से बूथ लेवल कार्यकर्ताओं को इन 11 लोगों के नामों की सूची भेजी गई है। जिसमें से उन्हें पहली तीन पसंद के उम्मीदवारों को लिखित रूप में बताना होगा। सर्वाधिक पसंद किए जाने वाले उम्मीदवार को पार्टी लोकसभा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतारेगी। इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री अरुण बेनीवाल, मनप्रीत आजाद, जिला प्रभारी भूराराम डूडी, कुत्ताबढ़ मंडल के अध्यक्ष प्यारासिंह, मनोज चोटिया, वेदप्रिय गुप्ता, सुरेश मैहता, विनोद जोशी, अनिल भादू, भूषण गिजवानी, डॉ. पूर्णचंद, पवन भाकर सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।