मेडिकल संचालकों को किया गिरफ्तार
रतिया - पुलिस ने दो मेडिकल संचालकों के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में केस दर्ज किया हैं। केस जिला औषधी नियंत्रक सुरेश चौधरी की शिकायत पर दर्ज किया गया हंै। आरोपियों में दादुपर निवासी कुलदीप सिंह व नहर कालोनी निवासी जयचंद शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उन्हें उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सतीश कुमार जांगड़ा की अदालत में पेश किया गया। शिकायत में डीआई सुरेश चौधरी ने कहा कि ड्रग विभाग दवाएं बेचने के लिए लाइसेंस जारी करता हैं। जो नए लाइसेंस जारी होते हैं, उन पर कुछ दवाएं बेचने की अनुमति नहीं है। टोहाना रोड स्थित एक मेडिकल संचालक की दुकान से अल्प्राजोल की 600 गोलियां मिली। संचालक ये गोलियां रखने या बेचने के लिए अधिकृत नहीं है। पुलिस ने ड्रग विभाग की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।