- Hindi News
- डॉ. रवि डाबड़ा के अस्पताल पर मारा छापा, चिकित्सकों ने लगाया जाम
डॉ. रवि डाबड़ा के अस्पताल पर मारा छापा, चिकित्सकों ने लगाया जाम
भास्कर न्यूज - फतेहाबाद
सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर एनके गोयल की टीम ने गुरुवार शाम को पुराना बस स्टैंड के पास स्थित डॉ. रविकांत डाबड़ा के पटियाला मेटरनिटी एंड चिल्ड्रन अस्पताल पर छापा मारा। अस्पताल में लगभग तीन घंटे चली कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों के चिकित्सक नेशनल हाइवे पर उतर गए और सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया। मौके पर पहुंचे सिटी एसएचओ गौरव शर्मा ने जाम खुलवाया। इसके बाद निजी चिकित्सकों का बैठकों का दौर चलता रहा।
साढ़े चार बजे पहुंची थी टीम
गुरुवार को लगभग साढ़े चार बजे सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर एनके गोयल की टीम ने अस्पताल अल्ट्रासाउंड रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर मामले से संबंधित कार्रवाई की। लगभग ढाई-तीन घंटे चली कार्रवाई के बाद चिकित्सक अस्पताल से चले गए। टीम में सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर एनके गोयल, ड्रग इंस्पेक्टर सुरेश चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. सूरजभान कंबोज, डॉ. रेणूबाला आदि अधिकारी शामिल रहे।
सीनियर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर एनके गोयल ने बताया कि पटियाला मेटरनिटी एंड चिल्ड्रन अस्पताल के अल्ट्रासाउंड के रिकॉर्ड में अनियमितताएं मिली हैं। इसके बारे में कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन को मौके पर बुलाया गया। इसके संबंध में सिविल सर्जन ही निर्णय लेंगे।
जाम लगाने वाले लोगों का कहना था कि उन्हें बेवजह निशाना बनाया जा रहा है और कोई अनियमितता नहीं पाई गई है।
मामले में अभी कार्रवाई कर रहे हैं : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. सूरजभान कंबोज ने बताया कि मामले में अभी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा। जाम आदि के बारे में सिविल सर्जन ने कहा कि जो भी कार्रवाई होगी वह कानून के दायरे में रहकर की जा जाएगी।
कार्रवाई - तीन घंटे तक चली अस्पताल में डटे रहे अधिकारी
पटियाला मेटरनिटी व चिल्ड्रन अस्पताल में कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए डॉ. अंजना दावड़ा व उनके समर्थक।