पत्नी की गला घोंटकर हत्या
भास्कर न्यूज - फतेहाबाद
धारनियां गांव में गुरुवार रात को 25 वर्षीय विवाहिता सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई गई है कि घरेलू कलह के चलते उसके पति ने उसकी गला घोंट कर हत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सीमा के मायके वाले सिविल अस्पताल लेकर आए। चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को दे दिया है। पुलिस व फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम मामले की जांच कर रही है।
मायके वाले बोले, सीमा को गला घोंट के मारा
सिविल अस्पताल में मौजूद मृतका सीमा का मायका हिसार के गांव राखी खास में है। चार साल पहले सीमा की शादी गांव धारनियां निवासी सुरेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद सीमा को लगभग तीन साल का लड़का भी है। धूप सिंह ने बताया कि सीमा का पति शादी के समय गुडग़ांव स्थित मारूति कंपनी में काम करता था, लेकिन बाद में किन्हीं कारणों के चलते नौकरी छोड़ दी थी।
इसके बाद सुरेश अब गुजरात की एक कैमिकल फैक्टरी में नौकरी कर रहा है। मृतका के ताऊ धूप सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी ससुराल वालों ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया था। लेकिन रिश्तेदारी होने के कारण वे चुप रहे और समय बीतने के साथ अपने आप ही सबकुछ सही होने का इंतजार करते रहे।
बिचौले ने बताया कि सीमा की मौत हो गई
धूप सिंह ने बताया कि हिसार के गांव किरोड़ी निवासी कृष्ण कुमार ने सीमा और सुरेश का रिश्ता करवाया था। गुरुवार रात को बिचौले कृष्ण ने उन्हें फोन करके बताया कि सीमा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। धूप सिंह ने बताया कि जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा तो चुन्नी से सीमा का गला घोंटकर उसे मारा गया मिला, ना कि उसने खुद फांसी लगाई है।