सांसद को आई भाखड़ा विस्थापितों की याद
भास्कर न्यूज - फतेहाबाद
लोकसभा चुनाव की घड़ी जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है वैसे वैसे सिरसा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. अशोक तंवर को अब भूले बिसरे मतदाता भी याद आने लगे हैं। उन्हें भाखड़ा बांध विस्थापितों की भी याद आ गई है और वे यह कहने भी लगे हैं कि भाखड़ा बांध विस्थापितों के कल्याण के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। सोमवार को लघु सचिवालय बैठक कक्ष में भाखड़ा बांध विस्थापितों व अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाखड़ा बांध विस्थापितों को लगभग 60 वर्ष हो चुके हैं। जिले के अनेक गांवों में भाखड़ा बांध विस्थापितों को जमीन व स्थान उपलब्ध करवाए गए हैं लेकिन अभी तक इन विस्थापितों को जमीन के मालिकाना हक व अन्य लाभ नहीं मिले हैं। इसे बारे में बीबीएमबी अधिकारी तत्काल कार्यवाही कर विस्थापितों को सभी सुविधाएं मुहैया करवाना सुनिश्चित करें। बैठक में डीसी डॉ. साकेत कुमार ने कहा कि बीबीएमबी ने अपना कार्यालय फतेहाबाद में स्थानांतरित कर लिया है।