- Hindi News
- सवा तीन करोड़ से इंटरलॉक की बनेंगी शहर की गलियां
सवा तीन करोड़ से इंटरलॉक की बनेंगी शहर की गलियां
भास्कर न्यूज - रतिया
शहर में सवा तीन करोड़ रुपये से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस बजट से शहर की गलियों को इंटरलॉक से बनाया जाएगा। इस पैसे से गलियों को चकाचक किया जाएगा। इससे शहर में करीब 74 गलियों को नया बनाने के साथ-साथ मरम्मत की जाएगी। पहले सीसी व ईंटों की गलियां बनी हुई हैं। अब इन गलियों को उखाड़कर इंटरलॉक से बनाया जाएगा। यह बात सोमवार को नगरपालिका में नायब तहसीलदार कर्ण सिंह ने कही। इस दौरान उनकी मौजूदगी में विकास कार्यों के टेंडर छोड़े गए। इस मौके पर नपा सचिव राजा राम भुक्कल, जेई जयवीर, बीआई सुनील लांबा मौजूद थे।
खस्ताहाल गलियों को लेकर कई बार लोगों ने अधिकारियों से शिकायत की थी। हाल ही में शहर में सीवरेज लाइन डाली गई है। इससे अधिकांश गलियां टूट गई हैं। इन गलियों में गड्ढे बनने से आने जाने वाले लोगों को परेशानियां होती हैं।
थोड़ी सी बरसात होते ही गलियों में पानी जमा हो जाता है। टूटी फूटी गलियों की वजह से पानी निकासी में भी बाधा आ रही थी। गलियों की मरम्मत होने से काफी हद तक लोगों को परेशानियों से निजात मिलेगी। इनमें वार्ड नंबर 1 में 8 गलियां, वार्ड नंबर 5 में 1, 6 में 5, 12 में 6, 13 में 4, 11 में 4, 16 में 18, 17 में 6 गलियां बननी हैं। प्रत्येक गली पर 3 से 6 लाख रुपये तक का खर्च आएगा। नपा सचिव राजा राम ने कहा कि टेंडर छोड़ दिए गए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।