- Hindi News
- अचानक धंसा स्टेट हाइवे, हादसे का शिकार होते होते बची रोडवेज बस
अचानक धंसा स्टेट हाइवे, हादसे का शिकार होते-होते बची रोडवेज बस
भास्कर न्यूज - रतिया
रतिया-फतेहाबाद स्टेट हाइवे पर सोमवार सुबह बोला पेट्रो पंप के पास अचानक सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया। तभी वहां से गुजर रही एक रोडवेज की बस हादसे का शिकार होते-होते बची। चालक ने काफी मशक्कत से बस को संभाला। बाद में पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से गड्ढे के आसपास बैरीकेड लगाकर लोगों को सचेत किया।
बारिश से धंसी जमीन
स्टेट हाइवे पर कुछ समय पहले सीवरेज की गहरी लाइन डाली गई थी। इसी लाइन के ऊपर नगरपालिका ने इंटरलॉक सड़क बना दी। दो दिन पहले हुई बरसात से सड़क नीचे धंस गई। सोमवार सुबह अचानक सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया। तभी रोडवेज की बस आ रही थी। अन्य वाहन को साइड देते समय बस का संतुलन बिगड़ गया। चालक ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस को संभाला। गड्ढे की वजह से बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में आसपास के लोगों व पुलिस ने बेरीकेड लगाए, ताकि दोबारा कोई हादसा न हो। मामले की जानकारी जनस्वास्थ्य विभाग को भी दी गई है। लोगों की मांग है कि विभाग इसे तुरंत ठीक करवाए, क्योंकि यहां कभी भी हादसा हो सकता है।