डबल करने का झांसा देकर जेवरात ले फरार
भास्कर न्यूज - टोहाना
सोना डबल करवाने के लालच में एक महिला अपने हजारों रुपये के सोने चांदी के जेवरात लुटा बैठी। पुलिस को दी शिकायत में हनुमान नगर वार्ड नंबर 16 निवासी छिंदो देवी ने बताया कि घंटाघर चौक स्थित शनिदेव मार्केट में गुरुदानस सम्राट नामक व्यक्ति ने उसे सोना दोगुणा करवाने का लालच देकर उसके हजारों रुपये के सोने चांदी के जेवरात लूट लिए। महिला की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ठग की तलाश कर रही है।
महिला ने बताया कि आरोपी की मार्केट में दुकान है और वह लोगों को सोना दोगुणा करने व कष्टों से मुक्ति दिलाने का काम करता था। महिला ने बताया कि लोकल केबल नेटवर्क पर उक्त व्यक्ति के विज्ञापन को देखकर वह उसके पास गई। महिला ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने उसे मटकी में सोना डालकर दोगुना करने की बात कही। उसके कहने पर उसने उसे करीब साठ हजार कीमत के एक सोने की अंगूठी व कान की बाली ((दोनों का वजन एक तोला)), दस तोले चांदी की पॉजेब, छह नग चांदी की अंगूठी व एक मंगलसूत्र, उस मटकी में डाल दिए। उसने एक पोटली देते हुए कहा कि वह इस पोटली को शाम को सात बजे खोलकर देखेगी तो जेवरात डबल हो जाएंगे। घर जाकर पोटली खोलने पर उसमें उसके जेवरात नहीं बल्कि नींबू व मिर्च निकले।
महिला ने बताया कि जब वे उक्त व्यक्ति को ढूंढने मौके पर गए तो आरोपी गायब था। जबकि उसका सामान उक्त दुकान में रखा हुआ है। जब उन्होंने उसके मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो वह बंद मिला। महिला ने पुलिस से आरोपी को काबू कर उसके जेवरात वापस दिलाने व आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।