- Hindi News
- 1984 के दंगों पर अभी तक नहीं लगा है मरहम: जोगेंद्र
1984 के दंगों पर अभी तक नहीं लगा है मरहम: जोगेंद्र
भास्कर न्यूज - रतिया
कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा 1984 के सिख दंगों पर दिए गए बयान के रोष स्वरूप गुरुवार को शिरोमणी अकाली दल बादल की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेश संरक्षक जोगेंद्र सिंह अहरवां की अध्यक्षता में हुई। बैठक पुराना गुरुद्वारा में बुलाई गई। बैठक में कांग्रेस के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। निर्णय लिया गया कि 1984 के कत्लेआम के आरोपियों को बचाने पर शिरोमणी अकाली दल केंद्र सरकार के साथ मोर्चा लगाएगा। दोषियों को माफी नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सिख दंगों के दोषियों को फांसी पर लटकाना चाहिए, तभी सिखों के जख्मों को कुछ राहत मिल पाएगी।
संरक्षक जोगेंद्र सिंह अहरवां ने कहा कि राहुल गांधी ने बयान दिया है कि 1984 के दंगों में कांग्रेस का कोई हाथ नहीं था, बल्कि कांग्रेसियों ने सिखों को बचाया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। वे सिखों के जख्मों पर नमक नहीं तेजाब छिड़कने का काम कर रहे हैं। पूरा विश्व जानता है कि 1984 के सिख दंगे, दंगे नहीं थे, बल्कि सिखों का कत्लेआम था। यह कांग्रेस की सोची समझी चाल थी। कांग्रेस ने ही 1, 2 व 3 नवंबर को हजारों सिखों का कत्लेआम करवाया। बाकायदा सरकारी मशीनरी को छूट दी गई। इसमें दूसरे लोगों की बजाय केवल सिख समुदाय के लोगों को ही निशाना बनाया गया। सिखों को आज तक न्याय नहीं मिला। बार-बार आयोग गठित करके सिखों के जख्मों को ताजा किया जा रहा है। अहरवां ने कहा कि जो सिख कांग्रेस के नुमाइंदे बनकर घूम रहे हंै, वे सिख कौम के सच्चे हितैषी नहीं है। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर अवतार सिंह नांगला, महेंद्र सिंह फौजी, गुरबख्श सिंह, सुखविंद्र सिंह, गुरचरण सिंह, अमरीक सिंह पक्की मौजूद थे।