गलियों का हाल भी सीवरेज जैसा होगा: लाली
भास्कर न्यूज - रतिया
शहर में दिए गए तीन करोड़ 14 लाख रुपये के टेंडरों को लेकर इनेलो ने कहा कि गलियों का हाल भी सीवरेज जैसा होगा। जिस प्रकार सीवरेज लाइनें बैठ गई हैं, ऐसे ही शहर की गलियां बैठ जाएंगी, क्योंकि इन गलियों में मोटा कमीशन खाया जा रहा है।
इसको लेकर जिला परिषद चेयरमैन अंग्रेज लाली, हल्का अध्यक्ष बिकर हड़ोली, लक्ष्मण दास नापा, गुरदीप गिल, सोहन सासिया, योगेश व नूरा राम ने बैठक बुलाई। इनेलो नेताओं ने कहा कि पिछले दिनों जो टेंडर किए गए हैं, विधायक जरनैल सिंह ने ये टेंडर पूल करवाकर अपने चहेतों को दिए हैं। उनसे शर्त रखी गई है कि जो ठेकेदार उनकी फैक्टरी से टाइल ईंटें खरीदेगा, उन्हें ही ठेका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीवरेज को लेकर इनेलो ने पहले ही चेता दिया था। सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बरसातों में सीवरेज लाइनें बैठ गई। गलियों का हाल भी सीवरेज जैसा होगा। नीचे से ऊपर तक कमिशन खाया जा रहा है। इससे विकास कार्यों की उम्मीद नहीं की जा सकती।