भक्तों की रक्षा करते हैं भगवान : त्यागी
भास्कर न्यूज। फतेहाबाद
अगर मनुष्य निष्काम भाव से भगवान की भक्ति करता है तो विपदा आने पर भगवान उसकी रक्षा को दौड़े चले आते हैं। ये बात स्वामी जगत प्रकाश त्यागी ने कही। वो संयास आश्रम मंदिर मेंं आयोजित वार्षिकोत्सव के उपल्क्ष्य में सत्संग समारोह के समापन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रवचन कर रहे थे।
समापन समारोह में मुख्य संसदीय सचिव प्रह्लादसिंह गिलांखेडा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की जबकि अध्यक्षता नगर परिषद् के चेयरमैन वीरेंद्र नारंग ने की। पार्षद दर्शन नागपाल, विजय चौधरी, बंटी सहदेवडा, कुशल चराईपौत्रा, डॉ. गुलशन मदान व भीमसैन चराईपौत्रा बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। प्रवचन करते हुए स्वामी जी ने कहा कि जिस प्रकार द्रोपदी ने भरी सभा में भगवान श्रीकृष्ण को पुकारा था तो भगवान ने भरी सभा में आकर उसकी लाज बचाई थी। उन्होंने कहा कि अगर हमें भगवान की कृपा का पात्र बनना है तो उसके लिए हमें अपने आपको भगवान के प्रति समर्पित करना होगा। स्वामी ने कहा कि हम एक बस के चालक पर तो भरोसा करते हैं लेकिन जो सारी दुनिया को चलाता है उस पर भरोसा करने को तैयार नहीं होते। यही दुखों का कारण है।