शहीदों को रखें हमेशा याद : रामकिशन
भास्कर न्यूज - शाहाबाद
रविवार को नगर में कई स्थानों पर गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह नई अनाजमंडी में हुआ, जिसमें मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुज्जर व विधायक अनिल धंतौड़ी ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
संसदीय सचिव रामकिशन गुज्जर ने कहा कि आजादी के जश्न तो हम मनाते हैं, लेकिन हमें उन शहीदों को हमेशा याद रखना चाहिए, जिनकी बदौलत आज हम स्वतंत्रता का आनंद उठा रहे हैं। मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुजर और विधायक अनिल धंतौड़ी ने खेल, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। द्रोणाचार्य अवार्डी कोच बलदेव सिंह, स्वतंत्रता सेनानी नरसिंह दास अरोड़ा, डॉ. आरएस घुम्मन, 12 वर्षीय रबनूर, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रीतू रानी, अनिल खन्ना, डॉ. प्रदीप गोयल, रामकुमारी शर्मा आदि को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक अनिल धंतौड़ी, नपा प्रधान सुदर्शन कक्कड़, एसडीएम राजीव मेहता, नायब तहसीलदार देशराज गुप्ता, बलदेव चावला, डॉ. आरएस घुम्मन, त्रिलोचन सिंह हांडा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
दूसरी ओर शाहाबाद तथा आस-पास के गांवों के स्कूलों व कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाहाबाद के आर्य कन्या महाविद्यालय, बचपन स्कूल, माता रुकमणी राय स्कूल, सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एमएन कॉलेज शाहाबाद, खानेवाल खालसा स्कूल, राजकीय उच्च विद्यालय जंधेड़ी, अमीर चंद कक्कड़ कॉलेज ऑफ एजुकेशन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिपुर में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया।