जल्द दुरुस्त करेंगे ट्रैफिक व्यवस्था
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
आज मेरा दादरी में पहला आगमन है। यहां की स्थिति और हालातों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों के साथ बैठकर कुछ प्लानिंग तैयार की जाएगी। इसके बाद सबसे पहला काम यहां की ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाना है। ये कहना है नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक पारुल जैन का। वे शुक्रवार दोपहर एक बजे शहर के थानों का औचक निरीक्षण करने पहुंची थीं।
जैन सबसे पहले सदर थाना पहुंची और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने क्षेत्र के बारे में उनसे जानते हुए कार्य को और अच्छे तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांवों में होने वाले झगड़ों पर विशेष ध्यान दें। किसी दोषी को न बख्शा जाए और सही आदमी को गलत केस में न सफाया जाए। इसके बाद एसपी साहेबा शहर थाना पहुंची। यहां उन्होंने अधिकारियों से लंबित पड़े केसों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही। जैन ने कहा कि जल्द ही दोबारा दादरी का दौरा किया जाएगा। यहां पर जो ट्रैफिक की व्यवस्था खराब है। उसके लिए अधिकारियों के साथ बैठकर बात की जाएगी। उसके बाद प्लानिंग तैयार करने के बाद समस्या से छ़ुटकारा मिल सकेगा।
पुलिसकर्मी रहे चौकन्ने
पुलिस अधीक्षक के दौरे को लेकर स्थानीय पुलिस काफी गंभीर दिख रही थी। थाने से लेकर बस स्टैंड तक कई जगह पुलिस कर्मियों और होमगार्डों की ड्यूटी लगाई गई थी। ताकि मैडम की गाड़ी जाम में न फंसे।