विकास के लिए वचनबद्ध हूं : सांगवान
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
क्षेत्र में इससे पहले कोई भी पार्टी इतना विकास नहीं कर पाई, जितना पिछले 4 वर्षों के दौरान हुआ है। ये बात सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने सोमवार को वार्ड नंबर 19 स्थित यादव धर्मशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
मंत्री ने कहा कि दादरी में विकास की मिसाल कायम कर दूंगा। शहर व गांवों में हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनका मुख्य लक्ष्य है। इस दौरान सहकारिता मंत्री ने यादव धर्मशाला में निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास के लिए मैं वचनबद्ध हूं तथा इसी उद्देश्य से क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए दिन-रात लगा रहता हूं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल ये भूल रहे हैं कि वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के हर वर्ग व क्षेत्र के लिए जितनी विकास परक योजनाएं लागू की हैं, उतना तो वे कर ही नहीं पाए थे। क्षेत्र के किसानों को बाढ़ के कारण बिना बोई गई फसल का 35 सौ रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देकर मुख्यमंत्री ने अपनी किसान हितैषी सोच का पुख्ता उदाहरण दिया है। एक जनवरी से अगर ओला वृष्टि या प्राकृतिक आपदा से खेती में कोई नुकसान होता है तो किसानों को दस हजार प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जाएगा। नगरपालिका सचिव विजय शर्मा, प्रधान रविंद्र यादव, वेदप्रकाश बरसाना, डॉ. एमएस यादव, राजपाल सरपंच आदि मौजूद थे।