लौह संग्रह कार्यक्रम का समापन हुआ
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लिए लोहा संग्रह का समापन कार्यक्रम गांव चरखी में सत्यव्रत सांगवान व कर्नल रिसाल सिंह की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोहा संग्रह के राष्ट्रीय संयोजक ओमप्रकाश धनखड़, भाजपा के जिला अध्यक्ष नृपेंद्र सिंह व लोहा संग्रह टीम थी। गांव के बुजुर्ग व सामाजिक लोगों ने तथा शहीदों के परिवार के सदस्यों ने मिलकर गांव की पवित्र मिट्टी, लोहे का अंश संग्रह टीम को दिया। साथ ही स्वराज पिटीशन पर हस्ताक्षर करके अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। गांव की तरफ से ओमप्रकाश चरखी ने सरदार पटेल ट्रस्ट के नाम एक लाख रुपये का चेक दिया। धनखड़ ने बताया कि आजादी के बाद देश में शहीदों के नाम पर कोई स्मारक नहीं बना। कांग्रेस पार्टी एक परिवार के नाम को ही आगे बढ़ाती रही और देश के बाकी महापुरुषों को भुला दिया। अगर सरदार पटेल देश के प्रथम प्रधानमंत्री होते तो कश्मीर जैसी समस्या नहीं होती। नेहरू के विरोध के बावजूद सरदार पटेल ने सोमनाथ मंदिर का पुन: निर्माण करवाया।
नृपेंद्र सिंह ने बताया कि सरदार पटेल ने 564 रियासतों को एक करने का ऐतिहासिक कार्य किया था, अब हम सब मिलकर पटेल को श्रेष्ठ बनाएं। इस अवसर पर सोमबीर चरखी, डॉ. बलवान, ओमप्रकाश, संजीव साहू, मीडिया प्रभारी सतीश महराणा मौजूद थे।