- Hindi News
- झंडा ऊंचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा..
झंडा ऊंचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा..
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
झंडा ऊंचा रहे हमारा, विजयी विश्व तिरंगा प्यारा जैसे कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति के साथ गणतंत्र दिवस समारोह रविवार को क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों और संस्थाओं में मनाया गया। इस दौरान लोगों ने तिरंगे को नमन कर देश की आजादी के लिए कुर्बान हुए शहीदों को याद किया। उपमंडल स्तर का समारोह शहीद दलबीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मनाया गया। मुख्य संसदीय सचिव कुमारी शारदा राठौर ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करते हुए मार्चपास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व रोज गार्डन स्थित शहीद स्मारक पर पहुंच मुख्यातिथि ने वीर शहीदों को नमन कर पुष्प चक्र अर्पित किया।
समारोह में मुख्यातिथि राठौर ने क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों की वीरांगनाओं व उनके आश्रितों को साल भेंटकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता सेनानी छोटूराम की धर्मपत्नी धापा देवी, चंद्रावती धर्मपत्नी भगवान सिंह, इंद्रावती धर्मपत्नी अमर सिंह, चंद्रोदेवी धर्मपत्नी रिछपाल सिंह, धनकौर धर्मपत्नी शीशराम, इंद्रावती धर्मपत्नी जागेराम, स्वतंत्रता सेनानी सुंडाराम के पुत्र कृष्ण कुमार, विद्यान्नद पुत्र सुद्धन सिंह, अजमेर पुत्र रतिराम व कबूल पुत्र नेकीराम समेत क्षेत्र के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों की वीरांगनाओं व उनके आश्रितों को मुख्यातिथि ने साल भेंटकर सम्मानित किया। मुख्य संसदीय सचिव राठौर ने कहा कि आज का दिन देश के गौरवमयी इतिहास के लिए अति महत्वपूर्ण है। हमारे देश को आजाद कराने के लिए अनेक बलिदानी सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए किए गए लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 1950 में आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था, जिससे भारत को एक संपूर्ण गणराज्य के रूप में पहचान मिली थी। समारोह के बाद में शारदा राठौर एसडीएम गौरव कुमार के साथ सामान्य अस्पताल पहुंचीं और वहां मौजूद मरीजों से उनका कुशल क्षेम जाना तथा फल वितरित किए।
ये बने विजेता
समारोह के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने पर चरखी के एससीआर स्कूल की टीम प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दादरी की टीम द्वितीय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला व आर्यावर्त स्कूल आदमपुर की टीम तृतीय स्थान पर रही। इसके अलावा परेड में जनता कॉलेज की एनसीसी की लड़कियों की टुकड़ी प्रथम स्थान पर, एपीजे कॉलेज की टुकड़ी दूसरे स्थान पर तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। झांकियों में महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को प्रथम, पशु पालन एवं डेयरी विभाग की झांकी को द्वितीय तथा खंड विकास एवं पंचायत विभाग की झांकी को तृतीय स्थान मिला। इस मौके पर सिविल जज जूनियर डीविजन अनिल यादव, एसडीएम की प - ी मनीषा, डीएसपी बिजेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार ओमबीर भौरिया, नगर पालिका सचिव विजय शर्मा, राकेश संधू, जयप्रकाश सभ्रवाल, रामअवतार शर्मा, कुलदीप फौगाट, अनिल डाला, निर्मला शर्मा व बिमला बूरा आदि मौजूद थे।
एपीजे कॉलेज में भी फहराया तिरंगा
एपीजे सरस्वती कन्या महाविद्यालय में कार्यकारी प्राचार्या स्नेहलता ने महाविद्यालय परिवार सहित तिरंगा फहराया। भारतीय सभ्यता व संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाली रंगारंग प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं। कुमारी आकांक्षा बीकॉम तृतीय वर्ष ने देश भक्ति गीतों की झड़ी लगाकर राष्ट्र के वीर शहीदों को नमन किया। पूनम बीए तृतीय वर्ष ने राष्ट्र प्रेम का तराना गुनगुनाया। मोनिका तृतीय वर्ष ने बोलो बोलो मेरा हिन्दुस्तान कहां है कविता प्रस्तुत की ज्योति ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोहा। डॉ. शशि, डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. ऊषा पंडित, कामिनी शुक्ला, डॉ. शशी कांत आदि मौजूद थीं।
गीता भवन में हुआ समारोह
गीता भवन के श्रीरामस्वरूप ब्रह्मचारी आदर्श विद्यालय में ईश्वरचंद्र ने ध्वजारोहण किया। इस समय प्रबंधक समिति के सदस्य शंकर लाल बंसल, शिव चरण बौंदिया, विनोद गर्ग, पवन कुमार चेतनपुरिया आदि मौजूद थे। 5वीं के छात्र तनिश व छात्रा योगिता ने हिंदी व अंग्रेजी माध्यम से गणतंत्र दिवस पर भाषण दिया। प्रथम कक्षा का छात्र वैभव ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत की। तृतीय कक्षा की छात्रा प्राची व मनीषा ने दोहे पढ़े गुरू की महिमा पर। गांव पातुवास के राजकीय माध्यमिक विद्यालय पातुवास में जिला पार्षद उमेद सिंह पातुवास विशिष्ट अतिथि दिनेश पातुवास व वीरेंद्र सिंह टीनू ने शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता सरपंच राजेश कुमार ने की। ध्वजारोहण गांव के वरिष्ठतम नागरिक एवं पूर्व सैनिक शिवलाल, स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सतीश शर्मा एवं अतिथिगण ने संयुक्त रूप से किया। दादरी के समारोह में मुख्य अतिथि शारदा राठौर ने मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण योजना में खंड बौंदकलां में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।