- Hindi News
- 9 दिन से लाइट नहीं थी, जाम लगाया तो सुनने आए समस्या
9 दिन से लाइट नहीं थी, जाम लगाया तो सुनने आए समस्या
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
बस स्टैंड रोड स्थित कपड़े की दो दुकानों में पिछले 9 दिनों से लाइट नहीं आ रही। इसके विरोध में सोमवार शाम 6 बजे साथी दुकानदारों के साथ मिलकर दुकानदारों ने सड़क जाम कर दी। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच विभाग के जेई और एसडीओ को मौके पर बुलाया, तब जाकर दुकानदारों ने जाम खोला।
बस स्टैंड रोड स्थित सांगवान फैंसी क्लॉथ स्टोर के मालिक सतीश सांगवान व कृष्णा फैंसी एंपोरियम के मालिक विवेक ने बताया कि उनकी दुकानों में पिछले 9 दिनों से लाइट नहीं आ रही है। इसकी शिकायत कई बार लिखित व मौखिक रूप से बिजली निगम को कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। कर्मचारी हर बार उन्हें टरका देते हैं। आखिर थक हारकर सोमवार शाम सभी दुकानदारों ने बस स्टैंड रोड पर जाम लगा दिया। जाम लगने के कारण वाहनों का आवागमन रुक गया। मेन रोड होने के कारण भीड़ भी काफी हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर एसआई लोकराम मौके पर पहुंचे और दुकानदारों की समस्या सुनी। उन्होंने बिजली निगम के जेई और एसडीओ को कॉल कर मौके पर बुलाया। तब जाकर करीब एक घंटे बाद दुकानदारों ने जाम खोला।