- Hindi News
- बाढड़ा के प्राइमरी स्कूल में जून से लगेंगी कक्षाएं
बाढड़ा के प्राइमरी स्कूल में जून से लगेंगी कक्षाएं
राजेश श्योराण - बाढड़ा
उच्चतर शिक्षा विभाग की टीम ने बाढड़ा के प्राइमरी स्कूल में अगले सत्र से सरकारी कॉलेज की कक्षाएं लगाने की मंजूरी दे दी है। फरवरी के प्रथम सप्ताह में कॉलेज भवन की आधारशिला रखने पर सहमति भी बन गई है। कॉलेज भी लड़के व लड़कियों दोनों के लिए होगा। ये सब घटनाक्रम सोमवार शाम को हुआ। उच्चतर शिक्षा विभाग की टीम प्रस्तावित कॉलेज स्थल का दौरा कर ग्राम पंचायत से प्रस्तावित दस्तावेज ले लिए हैं। कॉलेज के लिए 9 एकड़ में बनने वाले भवन के लिए 15 करोड़ भी राशि मंजूर की गई है।
सर्वजातिए श्योराण खाप 25 की अगवाई में लंबे संघर्ष के गुजरे क्षेत्र के लोगों का संघर्ष कामयाब हो गया है। बाढड़ा में कॉलेज बनवाने के लिए लोगों ने बार-बार आवाज उठाई। इसके लिए सरकार से मांग की, बात न बनी तो अपने स्तर पर चंदे से कॉलेज बनाने का बीड़ा उठाया, उसके बाद भी बात न बनी तो संघर्ष के बल पर सरकार पर दबाव डाला और आखिर में बात बन ही गई। सोमवार को बाढड़ा में उच्चतर शिक्षा विभाग के उपनिदेशक परीक्षित ढुल, शिक्षा विभाग के अधीक्षक दलबीर सिंह, प्राचार्य डा. शमशेरसिंह अहलावत, कॉलेज कमेटी अध्यक्ष सज्जन सिंह, बीईओ अजीत सिंह, पंचायत विभाग के एसईपीओ करतार सिंह आदि ने बाढड़ा के लोहारू रोड पर प्रस्तावित कॉलेज स्थल का दौरा किया। दौरे के दौरान टीम ने कॉलेज भवन के लिए प्रस्तावित जमीन का सही बताते हुए उसे मंजूरी दी तथा एक अप्रैल से कक्षाएं लगाने के लिए पंचायत विभाग, ग्राम पंचायत व शिक्षा विभाग के अधिकारियों से अस्थाई तौर पर भवन देने को कहा तो ग्राम पंचायत ने कस्बे का कन्या स्कूल व प्राइमरी स्कूल दिखाया, उसके बाद सभी की सहमति के बाद फैसला हुआ कि कस्बे के सरकारी प्राथमिक स्कूल में कक्षाएं लगाई जाएंगी तथा प्राथमिक स्कूल के बच्चों को कन्या हाई स्कूल में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए जरुरी कागजात लिए गए हैं। ग्राम पंचायत से ली गई 9 एकड़ जमीन के अधूरे कागजात टीम ने पूरे करने के अलावा लड़के व लड़कियों दोनों के लिए कॉलेज एक साथ चलाने पर सहमति जताई। टीम ने बताया कि भवन निर्माण के लिए लगभग 15 करोड़ की राशि मिलेगी। टीम ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश पर दो दिन में कॉलेज के लिए रिकार्ड तैयार किया जाएगा। फरवरी माह के पहले सप्ताह में शिलान्यास पत्थर रख दिए जाएंगे।
॥मुख्यमंत्री ने सांपला रैली में जो घोषणा की थी, उसी के अनुरुप कॉलेज को मंजूरी दी गई है। सभी काम पूरी हो चुके हैं। कुछ कागजात अधूरे हैं, इन्हें 24 घंटे में पूरे करने के निर्देश दे दिए हैं। सरकार कॉलेज बनाने के लिए तैयार है। फरवरी के प्रथम सप्ताह में शायद शिलान्यास पट्ट रख दिया जाएगा।ञ्जञ्ज
परीक्षित ढुल, उच्चतर शिक्षा विभाग के उपनिदेशक
॥हमें अब विश्वास हो गया है कि सरकार वास्तव में कॉलेज बनाने जा रही है। ये क्षेत्र के लोगों के लिए खुशी की बात है। वे एकजूट होकर संघर्ष करेंगे तो हर संघर्ष में सफलता मिलेगी।ञ्जञ्ज
बिजेंद्र बेरला, प्रधान सर्वजातिए श्योराण खाप 25
पंचायत को दिया आदेश
टीम ने ग्राम पंचायत को सभी कागजी खानापूर्ति व विभाग की प्रक्रियाओं को अगले 24 घंटे में पूरा कर राज्य मुख्यालय को भेजने का आदेश देते हुए कहा कॉलेज निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग के लिए तैयार रहने को कहा है।
पहले 18 माह तक कॉलेज प्राथमिक स्कूल में चलेगा
पहले 18 माह तक कॉलेज कस्बे के प्राथमिक स्कूल में चलाया जाएगा। इसमें एक अप्रैल से स्टॉप भेजा जाएगा। दाखिले की प्रक्रिया जून में शुरू होगी, जिसमें पहले वर्ष प्रथम कॉमर्स व प्रथम कला संकाय की कक्षाएं ही शुरु होंगी। भवन बनने से पहले विज्ञान की कक्षाएं नहीं लगेंगी। भवन बनने के बाद ये शुरु की जाएंगी। कॉलेज भवन थ्री फेज का होगा, जो 18 महीने में बनकर तैयार होगा। इसका मुख्य गेट बीईओ कार्यालय के साथ लगते मैदान में होगा।
फरवरी के प्रथम सप्ताह में रखा जाएगा कॉलेज भवन का शिलान्यास पत्थर