गैस न मिलने पर सांजरवास में जाम
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
मंगलवार सुबह गांव सांजरवास स्थित शहीद संजय सिंह गैस एजेंसी के सामने उपभोक्ताओं ने गैस समय पर नहीं मिलने के कारण रोड जाम कर दिया। इस दौरान लगभग आधा दर्जन गांव के सैंकड़ों लोग जमा हो गए और एजेंसी मालिक के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर बाद एजेंसी मालिक ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। डीएसपी बिजेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर लोगों को समझा कर जाम खुलवाया तथा सुचारू रूप से गैस सप्लाई करवाने का आश्वासन दिया।
गांव सांजरवास स्थित शहीद संजय सिंह गैस एजेंसी पर मंगलवार सुबह भारी संख्या में उपभोक्ता गैस भरवाने पहुंचे। मगर एजेंसी मालिक ने गैस खत्म होने की बात कहकर उपभोक्ताओं को वापस जाने को कहा। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने तुरंत रोहतक दादरी रोड पर जाम लगा दिया और एजेंसी मालिक व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। इस दौरान रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी लाइन लग गई। कुछ देर बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डीएसपी बिजेंद्र सिंह ने उपभोक्ताओं को समझाया तथा जाम खुलवाया। जाम खुलवाने पहुंचे डीएसपी बिजेंद्र सिंह को उपभोक्ताओं ने बताया कि एजेंसी मालिक गैस खत्म होने की बात कहते है मगर गोदाम में भारी मात्रा में स्टॉक जमा है जिसे एजेंसी मालिक ब्लैक में बेचते है। उपभोक्ताओं ने बताया कि इस एजेंसी से करीब 33 गांव के लोग गैस लेते हैं मगर किसी को भी समय पर गैस नहीं मिल पाती। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बार बार एजेंसी के चक्कर लगा उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उपभोक्ता राजकुमार, प्रदीप, सुमेर सिंह, बाली आदि ने बताया कि एजेंसी मालिक गैस सिलेंडर को ब्लैक में बेचते है जिसके लिए वह सिलेंडर की कीमत से सो रुपये ज्यादा वसूलते हैं। उपभोक्ताओं की मांग पर डीएसपी बिजेंद्र सिंह ने सभी उपभोक्ताओं को गैस दिलवाई तथा आगे से सुचारू रूप से गैस सप्लाई करवाने का आश्वासन दिया। एजेंसी संचालक सुशीला देवी ने बताया कि जाम लगाने वाले ज्यादातर उपभोक्ता होम डिलीवरी वाले थे। उनसे यहीं कहा गया था कि आप सभी अपने घर जाइये गैस आपके घर पर दी जाएगी।