- Hindi News
- बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहने वाली छात्राएं होंगी सम्मानित
बोर्ड परीक्षा में अव्वल रहने वाली छात्राएं होंगी सम्मानित
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
कन्या शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए अब सरकार उन्हें प्रोत्साहित करने जा रही है। इस कड़ी में प्रदेश सरकार ने अपनी एडोलसेंट गल्र्स अवार्ड स्कीम का विस्तार कर दिया है। अब न केवल 10वीं कक्षा, बल्कि 12वीं कक्षा की छात्राओं को भी नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
यह है योजना
यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की ओर से ग्रामीण स्तर की किशोर लड़कियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के लिए चलाई गई है। योजना के अंतर्गत पहले 10वीं की बोर्ड परीक्षा में ब्लॉक लेवल पर पहले तीन स्थान हासिल करने वाली ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों की छात्राओं को पुरस्कार दिए जाते थे, लेकिन इस वर्ष से सरकार ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को भी यह पुरस्कार दिए जाएंगे।
इस प्रकार मिलती है राशि
दसवीं कक्षा में ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल करने पर 2 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने पर 15 सौ और तीसरा स्थान प्राप्त करने पर 1 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। जबकि 12वीं कक्षा में ब्लॉक स्तर पर पहला स्थान लेने वाली छात्रा को 3 हजार रुपये, दूसरा स्थान लेने पर 25 सौ रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने पर 2 हजार रुपये का नकद इनाम पाया जाएगा। जो भी छात्राएं ब्लॉक लेवल पर पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करती हैं, उन्हें अवार्ड के लिए आवेदन की जरूरत नहीं होगी, विभाग स्वयं इन्हें सम्मानित करने के लिए आमंत्रित करेगा।
॥अव्वल छात्राओं को अवार्ड के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं है। वह विभाग से छात्राओं के नाम ले लेंगे।ञ्जञ्ज
राजवंती दांगी, सीडीपीओ