क्वालिस चालक पर हमला कर दो लाख लूटे
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
सोमवार देर रात गांव ठाकरान बास के नजदीक आधा दर्जन युवकों ने एक क्वालिस चालक की लाठी डंडों से पिटाई कर डाली। युवक दिल्ली अपने किसी रिश्तेदार से दो लाख रुपये लेकर पालड़ी अपने घर आ रहा था। आरोपी युवक जाते समय पीडि़त युवक के रुपये भी छीन ले गए। वहीं से गुजर रहे वाहन चालकों को आते देख रुपये छीनने वाले युवक अपनी गाड़ी में बैठ मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने घायल युवक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस ने उपचाराधीन के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव पालड़ी निवासी राजबीर सोमवार को दिल्ली अपने किसी रिश्तेदार से उधार रुपये लेने गया हुआ था। राजबीर सोमवार देर रात करीब आठ बजे सतनाली अपने रिश्तेदार को उतार अपनी गांव पालड़ी आ रहा था। जैसे ही राजबीर गांव ठाकरान बास के नजदीक पहुंचा रोड के बीच में कुछ युवकों ने अपनी दो पिकअप डाला गाड़ी खड़ी कर रखी थी। राजबीर ने उन्हें गाड़ी रोड से हटाने के लिए कहा तो करीब आधा दर्जन युवकों ने उसकी लाठी व डंडों से पिटाई करनी शुरू कर दी तथा उसकी क्वालिस गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं से गुजर रहे वाहन चालकों को आते देख आरोपी युवक अपनी गाडिय़ों में बैठ मौके से फरार हो गए।पुलिस को दिए बयान में राजबीर ने बताया कि वह दूसरी गाड़ी खरीदने के लिए दो लाख रुपये उधार लेकर आया था जो
आरोपियों ने उससे छीन लिए। राजबीर की जेब में रखे चार हजार रुपये व उसकी सोने के चेन भी आरोपी जाते समय छीन ले गए। आदमपुर चौकी पुलिस ने बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू
कर दी है।
गाड़ी नहीं हटाई
रोड के बीच में कुछ युवकों ने अपनी दो पिकअप डाला गाड़ी खड़ी कर रखी थी। गाड़ी हटाने के लिए कहा तो युवकों ने लाठी व डंडों से पिटाई शुरू कर दी।