- Hindi News
- दिनभर गरमाहट के बाद शाम को अचानक बढ़ी ठंड
दिनभर गरमाहट के बाद शाम को अचानक बढ़ी ठंड
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
पिछले दो दिन से दिन के समय मौसम में काफी गर्माहट बढ़ी है। अधिकतम पारा 20 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर गया है। न्यूनतम पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार शाम साढ़े पांच बजे बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगी। मौसम में हलकी धुंध दिखाई दे रही थी। रात होते होते आसमान में गहरी धुंध छा गई और हवा की गति भी 6 से 7 किलो मीटर प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी धुंध पूरी तरह से नहीं हटेगी। बीच बीच में धुंध अपना असर जरूर दिखाएगी।दो दिन से आसमान बिल्कुल साफ था। न तो कोहरा था और न ही आसमान में बादल। सुबह सुबह सूर्य देवता भी समय पर निकल आते और दिनभर अच्छी गर्माहट देते। इससे एहसास होने लगा था कि अब तो ठंड जा रही है। बुधवार को दिन में सूर्य की तेज तपिश के कारण स्वेटर में गर्मी का एहसास हो रहा था। एक समय तो ऐसा लग रहा था कि अब तो शायद ठंड दोबारा नहीं लौटेगी। मगर अचानक शाम साढ़े पांच बजे पश्चिमी हवाएं चली और मौसम में ठंडक घुल गई। अधिकतम पारा जहां दिन में 23.4 डिग्री पर चल रहा तो वो शाम साढ़े 6 बजे गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आसमान में हलकी हलकी धुंध भी दिखाई दे रही थी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामनिवास ने बताया कि अभी धुंध और ठंड रहेगी। ये सब पश्चिम विक्षोभ के कारण हो रहा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण अभी मैदानी भागों के धुंध और ठंड रहने के आसार हैं।