- Hindi News
- सड़क निर्माण सामग्री के रोज लिए जाएंगे तीन सैंपल
सड़क निर्माण सामग्री के रोज लिए जाएंगे तीन सैंपल
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
कार्य शुरू होते ही चर्चा में आई परशुराम चौक से गौशाला तक बनने वाली सड़क की निर्माण सामग्री के गुरुवार सुबह एसडीएम गौरव कुमार ने सैंपल भरवाए। सैंपल लेने वाली टीम में नगर परिषद के एमई बस्तीराम और सचिव विजय शर्मा थे। टीम ने दुकानदारों के कहने पर तीन जगह से सैंपल लिए। एसडीएम का कहना कि सड़क निर्माण सामग्री के प्रतिदिन तीन बार सैंपल लिए जाएंगे। फिर भी अगर किसी दुकानदार या शहरवासी को कोई शिकायत है तो जहां से वे लोग कहेंगे सैंपल ले लिए जाएंगे। उन्होंने ठेकेदार से कहा कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें ताकि राहगीरों के लिए रास्ता खोला जा सके।
परशुराम चौक से गौशाला चौक पर करीबन 2 करोड़ 30 लाख रुपये में बनने वाली सड़क निर्माण कार्य शुरू होते ही विवादों में आ गई है। घटिया निर्माण सामग्री और बिना लेवल के बनाए जाने को लेकर मंगलवार के स्थानीय नागरिकों ने परशुराम चौक पर एक घंटे जाम भी लगाया था। जाम की अगुआई करने वाले नप के वाइस चेयरमैन बख्शी सैनी व दुकानदारों को आरोप था कि नप प्रधान ने अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए ये टेंडर उनके नाम किया है। उन्होंने निर्माण सामग्री भी घटिया लगाने का आरोप भी लगाया था। मौके पर एसडीएम गौरव कुमार और नगर परिषद सचिव विजय कुमार शर्मा ने सभी को आश्वासन दिया कि किसी भी कीमत पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। कोई भी शहर का नागरिक जब चाहे, जहां से चाहे, सैंपल करा सकता है। इसी कड़ी में गुरुवार को एसडीएम गौरव कुमार नगर परिषद के सचिव विजय शर्मा और एमई बस्तीराम को लेकर मौके पर पहुंचे और सैंपल लिए। गौरव कुमार ने स्थानीय लोगों से कहा कि अगर आपको लगता है कि घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है। तो आप मुझे और सचिव को सूचना देकर सैंपल करा सकते हैं। अगर घटिया सामग्री का प्रयोग होता पाया गया तो ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बिना सूचना दिए ही प्रतिदिन तीन सैंपल भेजे जाएंगे।
दादरी नगर व्यापार मंडल की गुरुवार को यहां के दुकानदारों के साथ बैठक हुई। इस दौरान सड़क निर्माण के लिए कमेटी का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल के प्रधान संजय छपारिया और संरक्षक रविंद्र गुप्ता ने की। बैठक में सड़क निर्माण को लेकर एक कमेटी का गठन किया गया। कमेटी में राजेंद्र अरोड़ा, कमल पाहवा, धीरज सांगवान, सत्य भगवान गोयल, सतीश शर्मा को शामिल किया गया है। छपारिया ने बताया कि ये कमेटी समय समय पर सड़क के निर्माण को लेकर देखरेख करती रहेगी। कमेटी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएगी। इसके अलावा मौके पर मौजूद एमई, जेई और ठेकेदार को अवगत कराएगी। बैठक में बालकिशन, संजीव जैन, हनुमान प्रसाद, मंजीत, बबलू चांदवास, राममेहर फौगाट, प्रकाश, बद्री प्रसाद, विवेक भारद्वाज आदि मौजूद थे।
व्यापार मंडल ने किया कमेटी का गठन