पुलिस की निगरानी में बनाने पड़े ‘आधार’
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
नगर परिषद में बन रहे आधार कार्ड को लेकर गुरुवार को अचानक भीड़ बढ़ गई। हर कोई पहले बनवाने के चक्कर में बिना लाइन ही कार्ड बनाने वालों से उलझना शुरू हो गया। इसको लेकर कर्मचारियों ने कार्ड बनाना बंद कर दिया। बाद में भीड़ को काबू करने के लिए महिला और पुरुष कर्मियों की ड्यूटी लगानी पड़ी। महिला और पुरुषों के लिए अलग अलग कमरों में कार्ड बनाए जाने की व्यवस्था करने के बाद कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया जा सका।
बुधवार को लोगों को सूचना मिली कि जिन एपीएल कार्ड धारकों के पास आधार कार्ड नहीं है। उन्हें डिपो से राशन नहीं दिया जाएगा। फिर क्या था। गुरुवार को सुबह 7 बजे ही नगर परिषद में लोगों की भीड़ लग गई। कार्ड बनाने वाले जब 10 बजे पहुंचा तो भीड़ को देखकर चौंक गया। कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया इतने में भीड़ बेकाबू हो गई। हर कोई पहले मैं पहले मैं करता जा रहा था। ऐसे हालातों को देखते हुए ऑपरेटर ने कार्ड बनाना बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिलाओं व पुरुषों की अलग अलग कतार लगवाई। तब जाकर कुछ शंाति हुई। पुलिस ने महिलाओं की निगरानी के लिए दो महिला कांस्टेबल तैनात कर दी। पुलिस की निगरानी में कर्मचारियों ने दोबारा से आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया। भीड़ इतनी ज्यादा है कि एक दिन में सभी लोगों के कार्ड नहीं बन रहे। लोगों ने बताया कि हम सुबह 8 बजे आकर बैठे थे और आधार कार्ड के फार्म जमा करवाए थे। मगर दोपहर के 2 बजे तक भी नाम नहीं आया हैं। महिलाओं ने कहा कि हम अपना सारा काम छोड़ कर आए है व बच्चों को भी साथ लेकर आए हैं। आधार कार्ड के लिए सुबह फार्म जमा करवा दिया था। फिर भी अब तक नंबर नही आया है। नंबर के इंतजार मे सुबह से ही बैठे हैं। बुजुर्गों ने बताया कि सुबह से हमारा नाम नहीं आया है। इतनी दूर से पैदल चलकर आने बहुत परेशानी होती हैं। ऑपरेटर सुनील कुमार ने बताया कि एक मशीन से एक दिन में 80 के करीब कार्ड ही बनाए जा सकते हैं। क्योंकि एक कार्ड के लिए करीबन 10 से 15 मिनट का समय लगता है। ऐसे में इतने सारे लोगों के कार्ड कैसे बनाए जा सकते हैं। लोगों को थोड़ा धैर्य रखना होगा। बारी बारी से सभी के कार्ड बना दिए जाएंगे।