पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बारिश से बढ़ी ठिठुरन, कल से मिलेगी राहत

बारिश से बढ़ी ठिठुरन, कल से मिलेगी राहत

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यमुनानगर - बुधवार को बरसात से ठिठुरन बढ़ गई। सारा दिन रुक-रुक कर बरसात चलती रही। बरसात और ठंड के कारण दिनभर लोग घरों में ही दुबके रहे। जिससे बाजार सुनसान रहे। बरसात से कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया, जिससे भी लोगों की दिक्कतें बढ़ गई। उधर, बरसात से फसलों को फायदा होगा।
बुधवार सुबह नौ बजे बरसात शुरू हो गई, जो दिनभर होती रही। इससे जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया। बरसात से प्रोफेसर कॉलोनी, वीना नगर, लाजपत नगर, खालसा कॉलेज रोड, कैंप, गांधीनगर, टैगोर गार्डन, स्कूल रोड जगाधरी, गंगानगर कॉलोनी समेत कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया।



कल से राहत मिलने की उम्मीद

मौसम विभाग चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को ही राहत मिलेगी। चंडीगढ़ स्थित मौसम कार्यालय के ड्यूटी ऑफिसर ने बताया कि गुरुवार तड़के तक बरसात आने का अनुमान है। गुरुवार दिन में बरसात की संभावना बहुत कम है। मगर शुक्रवार को मौसम पूरी तरह से खुल जाएगा। हालांकि इसके बाद एक बार फिर से धुंध और कोहरा का सामना करना पड़ सकता है। इससे लोगों को परेशानी रही। लाजपत नगर निवासी जसविंद्र ने बताया कि बरसात से कॉलोनी में जलभराव हो गया। जिससे बहुत परेशानी हुई।

फसलों के लिए फायदेमंद हैं

उधर, बरसात की वजह से भले ही ठिठुरन बढ़ी है, लेकिन फसलों के लिए ये बरसात बहुत फायदेमंद साबित होगी। कृषि विभाग के एसडीओ जसविंद्र सिंह सैनी का कहना है कि बरसात से फसलों को फायदा होगा। अब तक पाले की वजह से फसलें प्रभावित हो रही थी। गेहूं, गन्ना और सब्जी की फसल को फायदा होगा। हालांकि बरसात की वजह से आलू की बिजाई कुछ प्रभावित हो सकती है।