बिजली पानी बंद होने से जनजीवन प्रभावित
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
सरकारी विभागों के कर्मचारियों की हड़ताल से क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दूसरे दिन भी ग्रामीण क्षेत्र में लोग बिजली पानी के लिए भटकते रहे। कस्बे के सभी 17 फीडर दूसरे दिन भी बंद रहे। इससे कस्बे में पीने के पानी की समस्या बनी रही।
सर्व कर्मचारी संघ व हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर चल रही तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल के समर्थन में उतरी हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय के सामने बिजली निगम, वन विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, विभिन्न शिक्षक
संघ व अन्य यूनियन के कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल की वजह से दूसरे दिन भी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। हड़ताल में मुख्य रूप से उप बिजली निगम के इकाई प्रधान कृष्ण कुमार सिंगला, मोहनलाल गजलाना, रामपाल, बलिंद्र सिंह, उधम सिंह, ऋषिपाल, मुकेश व पुरुषोत्तम दास शामिल रहे।