सड़क पर उतरे कर्मचारी, शहर में लगा जाम
भास्कर न्यूज - यमुनानगर/जगाधरी
तालमेल कमेटी के आह्वान पर दो दिन तक धरने तक सिमटे कर्मचारी वीरवार को हड़ताल के तीसरे दिन सड़कों पर उतर आए। हजारों कर्मचारियों ने पूरे शहर में रोष यात्रा निकाली। सभी कर्मचारी भगत सिंह चौक पर सड़क के बीचोंबीच बैठ गए जहां पर आधा घंटा जाम लगा रहा। जाम में फंसने से चौक के चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
गुरुवार दोपहर तक सभी विभागों के कर्मचारी रोडवेज वर्कशाप के सामने धरने पर बैठे थे। मुठ्ठी भर कर्मचारियों का जत्था धीरे-धीरे सैकड़ों और फिर हजारों के हुजूम में बदल गया।
ऑल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन के सचिव रोशन लाल व अशोक शर्मा ने बताया कि सभी विभागों के मुख्यालयों से कर्मचारियों को पत्र मिले हैं कि वे अपने-अपने कार्यालयों से 200 मीटर दूर बैठेंगे। इसलिए सड़कों पर उतरना मजबूरी बन गया है।
रोष यात्रा यमुनानगर बस स्टैंड, जगाधरी वर्कशाप मार्ग, भगत सिंह चौक, रेलवे रोड, मधु चौक, गोबिंदपुरा, मॉडल टाउन के अलावा अन्य जगहों से होते हुए वापस वर्कशाप के सामने पहुंची।
भगत सिंह चौक पर लगा जाम: रोष यात्रा के दौरान करीब डेढ़ बजे 10 विभागों के सैकड़ों कर्मचारी भगत सिंह चौक पर बीच सड़क बैठ गए। इससे आधा घंटा जाम लगा रहा। हालात ये बन गए कि ऑफिसर भी गाड़ी से उतर कर व्यवस्था में लग गए। मधु चौक पर पुलिस के वाहन को बीच सड़क खड़ा किया गया ताकि वाहन रेलवे व जगाधरी रोड पर न जा सके। वाहनों को गोबिंदपुरी मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया।
घर बैठ कर कुछ मिलेगा नहीं: सैकड़ों कर्मचारी भगत सिंह चौक पर धरना दे रहे थे। इसी दौरान आम लोगों का भी वहां जमावड़ा लग गया। खालसा कालेज रोड निवासी हरमेश ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार ने ही इन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर किया है। इन्होंने सरकार को नोटिस दिया था। फिर सरकार ने रास्ता क्यों नहीं निकाला। हालांकि कर्मचारियों को चाहिए कि वे एक घंटा जनता की दिक्कत को दूर करने में लगाए।
आज से काम पर जाएंगे: एचएसईबी वर्कर यूनियन के डिप्टी चीफ आर्गेनाइजर अशोक शर्मा का कहना है कि रोहतक में हरियाणा के मंत्री व चीफ सेक्रेटरी की संबंधित यूनियन से बातचीत चल रही है। निर्णय लिया गया है कि आज से कर्मचारी काम पर जाएंगे। सभी विभागों ने हड़ताल वापस ले ली है।
भाकियू नेता को समझाने का प्रयास करते बिजली निगम के एक्सईएन आरके खन्ना।
नो वर्क, नो पे का नोटिस दिया जाएगा
डीसी मंदीप सिंह बराड़ ने दोपहर बाद सभी विभागों की मीटिंग ली। उन्होंने निर्देश दिए कि लोगों की दिक्कत दूर करने के लिए अधिकारी मुस्तैद रहे। इस दौरान यह निर्णय भी लिया गया कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों को नो वर्क व नो पे का नोटिस भी सर्व किया जाए।