बहू ने अपनी सास को पीट कर किया घायल
यमुनानगर - शहर की विशाल नगर कालोनी में प्लॉट के विवाद को लेकर सास व बहू का आपस में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बहू ने अपनी सास को पीट-पीट कर घायल कर दिया। देर शाम पुलिस ने सास की शिकायत पर बहू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में विशाल नगर निवासी पूनम कौर ने बताया कि वह कॉलोनी में अपने पति मनोहर सिंह, बेटे निशान सिंह और सुमन प्रीत कौर के साथ रहती है। पूनम का कहना है कि जहां वह रहती है उसको लेकर उसकी बहू अक्सर उससे झगड़ा करती रहती है। इसी के चलते देर शाम उसकी बहू ने उससे फिर से बहस शुरू कर दी। जब वह विरोध करने लगी तो उसकी बहू सुमन प्रीत कौर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान वह घायल हो गई। शोर सुनकर उसके पति और आसपास के लोग वहां पर पहुंचे। आरोप है कि उसकी बहू उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गई। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार का कहना है कि प्लॉट को लेकर परिवार में अक्सर झगड़ा होता रहता है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।