गो तस्करों से मुक्त कराए 16 गोवंश
यमुनानगर - जगाधरी सदर थाना क्षेत्र के गांव हरनौली के पास से गो रक्षा दल के सदस्यों ने पुलिस की सहायता से 16 गोवंश बरामद किए।
इनमें से एक गाय मृत मिली। आरोपी गो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गो रक्षा दल के जिला संयोजक रोहित चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि शुक्रवार देर शाम कुछ गो तस्कर गो वंशजों को ट्रक में भरकर हरनौली मार्ग से यूपी की ओर जा रहे है। सूचना मिलने के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस की मदद से हरनौली बस स्टैंड के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्हें पंजाब की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। उन्होंने ट्रक के पास आने पर उन्हें उसे रुकने का इशारा किया। आरोप है कि आरोपी चालक ने ट्रक को पीछे ही रोक दिया। ट्रक से तीन गो तस्कर फरार हो गए। ट्रक की तलाशी लेने पर ट्रक से पांच बैल और 11 गाय बरामद की गई।