- Hindi News
- कैंप क्षेत्र में फिर टूटे एक साथ चार दुकानों के ताले
कैंप क्षेत्र में फिर टूटे एक साथ चार दुकानों के ताले
भास्कर न्यूज - यमुनानगर
कैंप क्षेत्र पूरी तरह से चोरों के निशाने पर रहा। चोरों ने एक नहीं, दो नहीं बल्कि पूरे चार दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया।
वहीं, एक एटीएम के गार्ड की समझदारी से दुकानदारों ने चार चोरों को चोरी करते हुए दबोच लिया जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कैंप के मुख्य बाजार में स्थित नोनी करियाना स्टोर के ताले चोरों ने देर रात तोड़ दिए।
मंगलवार सुबह जब एक महिला सैर के निकली तो उसने शटर को उठा देखा। उसने मोबाइल से दुकानदार को सूचना दी। दुकानदार जब मौके पर पहुंचा तो देखा की दुकान से पांच हजार रुपए नगद व काजू के पैकेट गायब थे। कुछ ही दूर पर वेदप्रकाश करियाना स्टोर पर भी ताले टूटे मिले। दुकानदार वेदप्रकाश का कहना है कि चोरों ने उसकी दुकान से १५ हजार रुपए नगद व हजारों रुपए का अन्य सामान चोरी किया है।
गार्ड ने पकड़वाए चोर
रादौर रोड स्थित ज्वेलर्स में चोर उस समय दुकानदारों के हत्थे चढ़ गए जब सुबह चार बजे एटीएम के गार्ड ने उन्हें चोरी करते हुए देख लिया। ज्वेलर्स के मालिक ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह चार बजे के करीब उसके फोन पर दुकान के सामने स्थित एटीएम के गार्ड का फोन आया था। गार्ड ने बताया कि कुछ लोग शटर तोड़कर चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। वे तुरंत लोगों को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा की चोरों ने शटर तोड़ रखा था। एक चोर अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था जबकि तीन बाहर खड़े थे। मौका पाकर उन्होंने चोरों को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। ज्वेलर की दुकान से कुछ दूरी पर एक अन्य करियाना सामान के गोदाम के भी ताले टूटे हुए पाए गए।