- Hindi News
- नेहरू व महात्मा गांधी के दुर्लभ संग्रह से विद्यार्थी रू ब रू हुए
नेहरू व महात्मा गांधी के दुर्लभ संग्रह से विद्यार्थी रू-ब-रू हुए
भास्कर न्यूज - यमुनानगर
डीएवी गल्र्स कॉलेज के नेहरू स्टडी सेंटर की ओर यूथ वीक का आयोजन किया गया। बुधवार को तीन मूर्ति भवन नेहरू स्मारक संग्राहलय एवं पुस्तकालय नई दिल्ली द्वारा मोती लाल नेहरू और भारत में संविधानवाद का प्रादुर्भाव तथा अहिंसा का हथियार महात्मा गांधी का अंतिम आंदोलन विषय पर फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
प्रिंसिपल डॉ. सुषमा आर्य तथा वुमन स्टडी सेंटर की को-ओडिनेटर डॉ. विश्व मोहिनी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की अध्यक्षता की। सुषमा आर्य ने कहा कि प्रदर्शनी के जरिए छात्राओं को बताया गया कि देश के दो बड़े नेताओं ((मोती लाल नेहरू तथा महात्मा गांधी)) ने आजादी में किस प्रकार से योगदान दिया। भारत आजाद होने के उपरांत भड़के दंगों को रोकने के लिए महात्मा गांधी ने जो उपवास रखा, उसके बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। मोती लाल नेहरू ने देश का पहला संविधान ((नेहरू रिपोर्ट)) दिया, जिसका कुछ बातें १९५० के संविधान में ली गई, इसके बारे में प्रदर्शनी में दिखाया गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि करना है।
नई दिल्ली स्थित नेहरू स्मारक संग्राहलय के असिस्टेंट क्यूरेटर सतीश कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी में १२ से १८ जनवरी १९४८ के दौरान महात्मा गांधी को जो पत्र व टेलीग्राम मिलें, उन्हें दिखाया गया है। इसके अलावा गांधी के देहांत के बाद उनकी अंतिम यात्रा तथा अखबारों के कटिंग को प्रदर्शित किया गया है। मोतीलाल नेहरू के १८९४ से लेकर १९३० तक के फोटो दिखाए गए हैं। १९२० में मोती लाल नेहरू ने जवाहर लाल नेहरू को जो पत्र लिखें, उन्हें प्रदर्शित किया गया है। १९२१-२२ में हुए असहयोग आंदोलन की फोटो को भी दिखाई गई है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मोतीलाल नेहरू तथा महात्मा गांधी की दुर्लभ चीजों ((पत्र, समाचार पत्रों की कटिंग तथा पुराने पत्रों)) को देखने का अवसर मिला है। प्रदर्शनी को देखने के लिए डीएवी पब्लिक स्कूल रादौर, डीएवी पब्लिक स्कूल प्रोफेसर कॉलोनी तथा कॉलेज की छात्राएं नजर आई।
प्रश्नोत्तरी में जनसंचार विभाग की टीम अव्वल
यूथ वीक के तहत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू तथा उनकी पुस्तक डिस्कवरी ऑफ इंडिया पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पांच टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान चार राउंड हुए। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की टीम में शामिल पलक शर्मा, वंदना सिरोही तथा मंजीत कौर ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा सही जवाब दिए और प्रतियोगिता में पहला स्थान अर्जित किया। जबकि साइंस विभाग की टीम नंबर सी ने दूसरा स्थान अर्जित किया।