जगाधरी शहर में लगेंगे आठ नलकूप
भास्कर न्यूज - यमुनानगर
इस बार गर्मियों में जगाधरी शहर के लोगों को पानी की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। पब्लिक हेल्थ की ओर से शहर में आठ नए नलकूप लगाए जाएंगे। ये नलकूप आईएचएसडीपी तथा डी-प्लान से लगाए जा रहे हैं। एक नलकूप पर करीब तीन लाख रुपए खर्च होंगे। डी-प्लान के तहत विभाग की ओर से इंदिरा कॉलोनी में नलकूप की बोरिंग का काम शुरू किया। जिसका शुभारंभ भाजपा पार्षद मौजी सेठी व जेई यशपाल ने किया।
विभाग की ओर से डी-प्लान के तहत शहर चार कालोनियों में नलकूप लगाए जाएंगे। जिसमें पुरानी अनाज मंडी, पटरी मोहल्ला, कल्याण नगर व इंदिरा कालोनी शामिल है। इसी तरह चार अन्य नलकूप आईएचएसडीपी के तहत लगेंगे। जिसमें राजेश कालोनी, भगतपुरा, दर्शन नगर व सावनपुरी की कालोनी शामिल हैं। जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ एसपी सैनी का कहना है कि नए नलकूप लगने से पूरे जगाधरी शहर को फायदा मिलेगा। नलकूप लगाने की जगह का चयन सोच-विचार कर किया गया है। आठ नलकूप लगने से पाइप लाइन में प्रेशर अच्छा बनेगा। इससे शहर की पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा। उम्मीद है कि शहर की किसी भी कालोनी में पेयजल किल्लत नहीं रहेगी। उनका प्रयास है कि गर्मी के सीजन से पहले नलकूप चल जाएं। दुर्गा गार्डन निवासी राम नरेश ने बताया कि कालोनी में पानी की बहुत दिक्कत है। गर्मी के सीजन में यह दिक्कत और भी बढ़ जाती थी। कई बार कालोनी के लोग प्रदर्शन कर चुके हैं। म्मीद है कि नया नलकूप लगने से राहत मिलेगी।
15 साल की परेशानी दूर होगी : विकास
गर्मी में बूंद-बूंद के लिए तरस जाते थे
पटरी मोहल्ला निवासी अशोक कुमार का कहना है कि सर्दी में काम चल जाता था, मगर गर्मी में पानी की बूंद बूंद को तरस जाते थे। उनकी कालोनी ऊंचाई पर है, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित होती थी। नया नलकूप लगने से निश्चित ही फायदा है।
तेजली गेट कल्याण नगर निवासी विकास कुमार का कहना है कि 15 साल से पानी की किल्लत झेल रहे थे। पहले सब्जी मंडी से कालोनी में पेयजल आपूर्ति आती थी। आबादी बढऩे से पानी की खपत बढ़ती गई। जिससे प्रेशर कम होने की वजह से उनकी कालोनी तक पानी नहीं पहुंचता था। उन्हें दूर-दराज से पानी लेकर आना पड़ता था। कालोनी में नया नलकूप लगने से उनकी दिक्कत दूर हो जाएगी।
आईएचएसडीपी व डी-प्लान के तहत लगाए जा रहे नलकूप, इंदिरा कॉलोनी में बोरिंग शुरू