पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बारिश सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड, जलभराव से रास्ते भी बंद

बारिश-सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड, जलभराव से रास्ते भी बंद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - पानीपत
ठंड से पहले ही परेशान लोगों की मुश्किलों को बुधवार को रुक-रुककर हुई हल्की बारिश और बढ़ा दिया। दिन भर सर्द तेज हवाओं ने लोगों को ठिठुराए रखा। दिन में तो बरसात का असर हल्का रहा, लेकिन शाम होते ही तेज बारिश हुई।
अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर के कई स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को भारी समस्या हुई। लेकिन नगर निगम कर्मियों के हड़ताल से लौटने तक लोगों को समस्या झेलनी पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज भी बारिश के आसार बने हैं।



॥थोड़ी सी बारिश होने पर भी गोहाना अंडर पास में पानी जमा हो जाता है। लोगों को गुजरना मुश्किल हो जाता है। इस समय नगर निगम और अन्य विभागों की हड़ताल होने के कारण जल्द इस समस्या का समाधान भी नहीं होने वाला है।

- राकेश, राहगीर

॥अंडरपास में बारिश का पानी जमा होने की समस्या आज से नहीं, पिछले कई सालों से है। इस समाधान प्रशासन को कराना चाहिए। क्योंकि हर मौसम और बेमौसम की बारिश में राहगीरों के लिए समस्या खड़ी हो जाती है।

- विशाल, राहगीर

॥असंध रोड अंडर पास में पानी भरने से गुजरना मुश्किल है। इस समय नगर निगम भी पानी की निकासी नहीं करवा रहा है। क्योंकि कर्मचारी हड़ताल पर गए हुए हैं। इससे दिक्कत हो रही। अब हड़ताल खत्म होने तक परेशानी उठानी पड़ेगी

- रिषभ जैन, राहगीर

अभी और भी रहेगी परेशानी

गोहाना और असंध रोड अंडरपास में बारिश का पानी जमा हो गया। इसके कारण पूरे दिन यातायात प्रभावित रहा। कुछ ने सर्दी में इस पानी से होकर गुजरने की जहमत उठाई, तो कुछ ने अपना रास्ता बदल लिया। वहीं कुछ वाहन अंडरपास को पास करते हुए लडखड़़ाते भी दिखे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर अभी मैदानी क्षेत्रों में और भी देखने को मिलेगा। अभी कुछ समय तक पश्चिम विक्षोभ का असर दिखेगा और ठंड बनी रहेगी।

शहर में इन जगहों पर भर गया पानी

बारिश से नगर निगम ऑफिस के बाहर पानी भर गया। इसके अलावा बस स्टैंड, शिव कॉलोनी, माल रोड, असंध अंडरपास, गोहाना अंडरपास और जीटी रोड के कई स्थानों पर वाहन चालकों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ा।

गेहूं के लिए फायदेमंद, टमाटर को नुकसान

कृषि विभाग के रिटायर्ड सहायक पौध संरक्षण अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि यह बारिश गेहंू की फसल के लिए फायदेमंद है, मगर टमाटर की फसल को इससे नुकसान पहुंचेगा।