पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हड़ताल खत्म, कई जगह तोडफ़ोड़, आज लौटेगी शांति

हड़ताल खत्म, कई जगह तोडफ़ोड़, आज लौटेगी शांति

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - पानीपत
विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिन से जारी हड़ताल को हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी ने गुरुवार समाप्त कर दिया। हड़ताल खत्म होने के बाद बिजली कर्मचारी रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर लौट गए। बाकी विभागों में भी कर्मचारी शुक्रवार को कार्य पर लौट आएंगे।
गुरुवार को हड़ताल के कारण बिजली पानी न मिलने से समालखा में ग्रामीणों ने पावर हाउस में तोडफ़ोड़ की और रोड पर जमकर हंगामा किया। वहीं, नौल्था में देर शाम बिजली कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर में फाल्ट कर बिजली सप्लाई बंद कर दी। घोषित हड़ताल का आखिरी दिन होने के कारण सभी विभागों के कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से बिजली निगम से लघु सचिवालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। गुरुवार को 33 से 11 केवी के 32 से 40 फीडरों पर बिजली सप्लाई बंद रही।
हड़ताल में शामिल बिजली निगम, नगर निगम, राजस्व विभाग, टूरिज्म, हुडा, स्वास्थ्य विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, रोडवेज और आईटीआई के कर्मचारी सुबह करीब 11 बजे गोहाना रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय के सामने एकत्रित हुए।
यहां से सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जुलूस के रूप में सभी कर्मचारी गोहाना रोड, जीटी रोड, लालबत्ती होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां जुलूस सभा के रूप में बदल गया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए तालमेल कमेटी के पदाधिकारी प्रताप सिंह, तेजपाल, महावीर सहरावत और यशपाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगे पूरी करने को तैयार नहीं है। लेकिन इस बार कर्मचारी भी पीछे नहीं हटेंगे। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं विरोध जारी रहेगा। यहां से फिर सभी कर्मचारी जुलूस के रूप में एकत्र होकर रोडवेज डिपो पहुंचे, जहां दोपहर एक बजे प्रदर्शन का समापन किया।



शहर की दर्जनों कॉलोनियों में नहीं आई बिजली



गुरुवार को शहर के कई फीडर बंद होने के कारण असंध रोड, मॉडल टाउन, शिवनगर, रेलवे रोड, गीता मंदिर कॉलोनी, कृष्णपुरा, खन्ना रोड, गोहाना रोड, एकता बिहार, हरी नगर, शक्ति बिहार, सांई नगर, शांति कॉलोनी, इंडस्ट्रीयल एरिया, सैनी कालोनी, गाबा कॉलोनी, आजाद नगर, राजनगर, संजय कॉलोनी, विकास नगर, शिवनगर आदि इलाकों में दिन भर बिजली गुल रही। किसी कॉलोनी में बिजली आई भी तो सिर्फ आधे से एक घंटे के लिए।

110 कर्मचारियों को गंवानी पड़ी नौकरी

कर्मचारियों की इस हड़ताल में शामिल बिजली निगम में काम करने वाले डीसी रेट के 110 कर्मचारियों को निगम अब वापस नौकरी पर नहीं रखेगा। निगम के एसई एमएस दहिया ने बताया कि हड़ताल में शामिल डीसी रेट के 110 कर्मचारियों को नौकरी पर नहीं रखा जाएगा। इसकी जगह हड़ताल के दौरान कार्य करने वाले डीसी रेट के 20 कर्मचारियों को नौकरी दी जाएगी। वहीं, दूसरी ओर गुरुवार शाम सरकार की तरफ से बातचीत के लिए बुलाए जाने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल भले ही वापस ले लिया हो, लेकिन अगर सहमति नहीं बनी तो फिर से हड़ताल हो सकती है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान तेजपाल ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 11 बजे सरकार के साथ होने वाली कर्मचारी नेताओं की बैठक में आपसी सहमति नहीं बनी तो फिर से हड़ताल शुरू होगी। सभी कर्मचारी शुक्रवार को ड्यूटी करेंगे।

जुलूस शहर में पहुंचते ही सड़कें हुईं जाम

गोहाना रोड से शुरू हुआ कर्मचारियों का जुलूस जीटी रोड पर पहुंचते ही शहर में जाम लगने लगा। इसमें लोग जीटी रोड, गोहाना रोड, असंध रोड पर घंटों फंसे रहे। प्रदर्शन का जीटी और असंध रोड पर सबसे ज्यादा असर दिखा। दोनों मुख्य सड़कों पर करीब तीन बजे तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम से लोगों को मुक्ति दिलाई।