पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को सेल्स टैक्स इंस्पेक्टर लोकेश कुमार को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में हिरासत में लिया। हालांकि शाम होते-होते उसके विभाग के अधिकारियों ने इंस्पेक्टर का समर्थन करते हुए रिश्वत के रुपयों को बकाया राशि बताया। विजिलेंस टीम ने रिकॉर्ड देखने के बाद इंस्पेक्टर को छोड़ दिया।
इसराना में रहने वाले नरेश कुमार ने विजिलेंस दफ्तर में बताया था कि वह इसराना में मेडिकल स्टोर चलाता है। सेल्स टैक्स इंस्पेक्टर लोकेश कुमार उनसे असेसमेंट कम करने के पांच हजार रुपए मांग रहा है। उसने लोकेश को चार हजार रुपए दे दिए। अब फिर दोबारा पांच हजार की मांग करने लगा। विजिलेंस टीम शुक्रवार को इंस्पेक्टर सुशील कुमार के साथ सेक्टर-25 स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय में पहुंची। नरेश का भाई प्रदीप पाउडर लगे पांच हजार रुपए लेकर लोकेश के पास पहुंचा।
उसने रुपए लेकर जैसे ही लॉकर में रखे तो विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। उसी समय कार्यालय के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पांच हजार रुपए की रसीद काटने की बात कही। विजिलेंस टीम रसीद का रिकॉर्ड जांच करने के लिए लोकेश को लेकर सेक्टर-29 चौकी मे पहुंच गई।
मामला बढ़ता देख एसडीएम अश्विनी मलिक भी मौके पर पहुंचे। शाम को विजिलेंस इंस्पेक्टर सुशील कुमार ने बताया कि सेल्स टैक्स विभाग को शिकायतकर्ता से १०,३४७ रुपए लेने थे। ये पांच हजार रुपए उसी के बकाया था। कोई केस नहीं बनता। आरोपी को छोड़ दिया गया है। उधर, शिकायतकर्ता नरेश के भाई जोरा सिंह का कहना है कि उन पर समझौते का दबाव डाला गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.