पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जाम से निजात, दुकानदार नाराज

जाम से निजात, दुकानदार नाराज

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत - शहर को दो हिस्सों में बांट देने वाले एलिवेटेड हाईवे के कटों को बंद करने का भले ही कई संगठन विरोध कर रहे हैं, मगर ‘सड़क का अनुभव’ यह है कि नए पुलिस कप्तान के इस प्रयोग ने जीटी रोड पर जाम लगने की आशंका को कम कर दिया है।
भास्कर ने यह पड़ताल की खुद अपनी एक टीम को जीटी रोड पर उतारकर। टीम ने न सिर्फ एक मोटरसाइकिल से सभी कटों को औसत स्पीड से पार किया, बल्कि इस दौरान लगे जाम और उन्हें पार करने के समय को भी दर्ज किया। यह सफर साधारण समय के साथ-साथ व्यस्त घंटों के दौरान दोहराया गया। बाद में इसके विश्लेषण ने यह स्पष्ट कर दिया कि कट बंद करने का प्रयोग कम से कम इस मोर्चे पर तो काम कर रहा है।
आम घंटों में स्काईलार्क से गोहाना मोड़ तक पहुंचने में आठ मिनट का समय लगा। इस दौरान संजय चौक को छोड़कर तकरीबन पूरा रास्ता साफ था। हालांकि संजय चौक पर हल्का जाम जरूर था। वहीं, लौटने के दौरान भी यही अनुभव रहा। लालबत्ती चौक पर असंध रोड पुल से आने वाले वाहनों के चलते ट्रैफिक थोड़ा दिशाहीन दिखा। शाम छह बजे किए गए प्रयोग के नतीजे और भी चौंकाने वाले थे। इस बार पूरा सफर तय करने में सिर्फ छह मिनट का समय लगा। इतना जरूर है कि कट बंद करने से कुछ लोगों को दिक्कत भी हो रही है। पहले जिन कटों से होकर यह लोग आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंच जाते थे, अब उन्हें थोड़ा लंबा सफर करना पड़ रहा है। वहीं, इंसार बाजार के दुकानदारों की दिक्कतों को भी पूरी तरह नकारा नहीं जा सकता।




शाम ६ बजे की स्थिति

शाम 6:00 बजे : स्काईलार्क से गोहाना चौक की ओर बढ़े। 6:06 बजे हम गोहाना चौक पर पहुंच गए।

6:02 बजे : लालबत्ती चौक पहुंचे।

6:05 बजे : संजय चौक पर पहुंचे।

6:0७ बजे : गोहाना मोड़ पर पहुंचे ।

स्काईलार्क से गोहाना रोड तक जाने में कुल ६ मिनट का समय लगा। वहां से घूमकर स्काईलार्क तक आने में करीब 7 मिनट का समय लगा। इस बीच में रेलवे के पास वाले यूटर्न पर ट्रैफिक व्यस्त रहा।

बसों की समस्या है अभी

शहर के ट्रैफिक की स्थिति लगभग सामान्य हो गई है, लेकिन जीटी रोड पर निजी व सरकारी बसें अभी भी खड़ी होती हैं। सामान्य अस्पताल से आगे भी बसें खड़ी होती हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है।

शाम ४ बजे की स्थिति

शाम 4:12 बजे : स्काईलार्क से चले। वहां से बस स्टैंड कट तक ट्रैफिक सामान्य रहा। जाम की कोई स्थिति नहीं थी।

4:14 बजे : लालबत्ती पर पहुंचे। वहां पैदल आने-जाने वाले यात्रियों के कारण ट्रैफिक मामूली रूप से प्रभावित था।

4:17 बजे : संजय चौक पर पहुंचे। संजय चौक के कट तक ट्रैफिक सामान्य रहा। गोहाना मोड़ तक कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति थी। वहां से गोहाना कट तक जाने में करीब तीन मिनट लगे।

4:20 बजे : गोहाना कट तक पहुंचे। स्काईलार्क से गोहाना रोड तक बंद तीनों कटों को पार करने में करीब ८ मिनट का समय लगा। पूरे रास्ते लगभग ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं मिली। कुछ देर के लिए असंध पुल के पास व बस स्टैंड के सामने ट्रैफिक व्यवस्था दिशाहीन दिखी।

ट्रैफिक के नाम पर पुलिस कर रही परेशान : दर्शनलाल

ट्रैफिक के नाम पर पुलिस परेशान कर रही है। कट बंदकर जगह-जगह गाड़ी खड़ी करके लोगों के चालान काटे जा रहे हैं। प्रशासन जब चाहता है, कट बंदकर देता है।’

-दर्शनलाल, प्रधान, चौड़ा मार्केट

कट न खुला तो शहर बंद करवा देंगे : सुरेश बवेजा

शहरवासियों को परेशान किया जा रहा है। प्रशासन लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। सोमवार को कट बंद के विरोध में लालबत्ती चौक पर धरना रखेंगे। कट न खुलवाए तो शहर बंद करेंगे।’

-सुरेश बवेजा, गुरुद्वारा रोड चौड़ा बाजार

इधर, लालबत्ती कट बंद के विरोध में कल धरना

पानीपत - कट बंद करने की पुलिस की कार्रवाई से व्यापारी और उनके संगठन सकते में हैं। शनिवार शाम को शहर के पांच प्रमुख बाजारों की एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक हुई।

संयुक्त बाजार की बैठक सुनील अरोड़ा की अध्यक्षता में कचहरी बाजार में हुई। संगठन ने शहर के कट बंद के विरोध में 27 जनवरी को लालबत्ती चौक पर धरना रखने का निर्णय लिया है। सुनील अरोड़ा ने कहा कि 10 बजे से 5 बजे तक होने वाले इस धरने में यदि प्रशासन ने शहर के सभी कट नहीं खोले तो पूरा शहर अनिश्चित समय के लिए बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान गुरुद्वारा रोड चौड़ा बाजार के प्रधान सुरेश बवेजा, शाल मार्केट के प्रधान अशोक नारंग, चौड़ा बाजार के प्रधान दर्शन लाल, पालिका बाजार के प्रधान मोहनलाल सिंगला, इंसार बाजार के प्रधान रमेश लीखा मौजूद रहे। उधर, एसपी बालन का कहना है कि बाजारों के दुकानादारों से बात कर समस्या को सुलझाया जाएगा।