- Hindi News
- पंचायत कर 36 गांवों ने मांगा मतलौडा में कॉलेज
पंचायत कर 36 गांवों ने मांगा मतलौडा में कॉलेज
भास्कर न्यूज - मतलौडा
मतलौडा में राजकीय कन्या कॉलेज के निर्माण के लिए सोमवार को गांव की सरपंच अशोक देशवाल के आवास पर क्षेत्र के 36 गांवों के सरपंचों, समिति सदस्यों व जिला पार्षदों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंगलवार को 15 सरपंचों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से चंडीगढ़ में मिलेगा और लोकसभा चुनाव से पहले कॉलेज की आधारशिला रखने की मांग की जाएगी। ताकि चुनाव आचार संहिता के कारण कॉलेज का निर्माण अटक न जाए। इसकी अध्यक्षता करते हुए सरपंच एसोसिएशन के प्रधान अशोक देशवाल ने कहा कि पहले भी कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम तीन बार रद्द हो चुका है।
छात्राओं को नहीं जाना पड़ेगा दूसरी जगह : देशवाल
देशवाल ने कॉलेज का निर्माण होने पर ब्लॉक की छात्राओं को फायदा होगा। उनको शिक्षा ग्रहण करने के लिए पानीपत व अन्य शहरों में जाने की जरूरत नहीं होगी। इस दौरान महिला निगम की चेयरपर्सन एवं पूर्व विधायक राजरानी पूनम के पति कर्मचंद पूनम ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से मतलौडा में राजकीय कन्या कॉलेज की मंजूरी दे रखी है। इस अवसर पर रमेश देशवाल, कृष्ण देशवाल, सतनारायण कौशिक, रमेश भंडारी, समिति चेयरमैन अनिल गोयल, जिला पार्षद शीला देवी, समिति के पूर्व चेयरमैन देशराज नागपाल और दयासिंह सरपंच मौजूद रहे।