- Hindi News
- काम न आई सांसद की गांधीगीरी, कट नहीं खुले, बीच में यू टर्न का लॉलीपॉप
काम न आई सांसद की गांधीगीरी, कट नहीं खुले, बीच में यू-टर्न का लॉलीपॉप
भास्कर न्यूज - पानीपत
हाईवे के कटों को खुलवाने के लिए दुकानदारों और व्यापारियों का दो दिन का धरना और सांसद डॉ. अरविंद शर्मा का साथ भी पूरी तरह से रंग नहीं लाया। फिलहाल लालबत्ती, संजय चौक और बस अड्डा का कट नहीं खोला जाएगा। यह स्पष्ट बात डीसी समीरपाल सरो व एसपी बी.सतीश बालन ने डीसी के कैंप कार्यालय में दोपहर बाद 3:30 बजे से 6:45 बजे तक चली संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक में कही।
डीसी ने कहा कि लालबत्ती पर कट खुलने से ज्यादा जाम लगेगा। इसलिए लालबत्ती चौक व बस अड्डा के बीच राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के पास कट या यू-टर्न बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस बारे में पांच फरवरी तक व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी बुलाकर, वह और एसपी बालन मौका मुआयना करेंगे। इससे तय है कि 2 फरवरी तक कटों का मामला शांत हो गया, क्योंकि इस दिन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शहर में कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने आ रहे हैं।
दावा- वीआईपी के आने पर भी नहीं खोलेंगे कट
डीसी और एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि लालबत्ती व अन्य कटों को फिलहाल पांच फरवरी तक नहीं खोला जाएगा। इसके बाद भी कट बंद रहेंगे। यू-टर्न पर विचार किया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक कमेटी बनाई गई है। इसमें व्यापारियों और सामाजिक संगठनों के लोगों को शामिल किया जाएगा। इनके सुझाव लिए जाएंगे और ट्रैफिक व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए सहयोग भी लिया जाएगा। एसपी बालन ने कहा कि सीएम के शहर में आगमन पर भी नहीं खोले जाएंगे। साथ ही बताया, ऑटो को चौक पर नहीं खड़ा होने दिया जाएगा। नियम की अनदेखी करने वाले ऑटो चालकों का सख्ती से चालान काटा जाएगा।
सांसद डॉ. शर्मा ने कहा- लोकहित में हुआ फैसला
सांसद डॉ.अरविंद शर्मा ने भास्कर से बातचीत में कहा, ‘मैंने व्यापारियों का साथ दिया। लोकहित के लिए अब प्रशासन यू टर्न बनवाएगा। जाम भी नहीं लगेगा और बाजार में भी आवाजाही आसानी से होगी।’
धरने से पहले हमारी सुनवाई नहीं हुई : दर्शनलाल वधवा
डीसी से मिलकर लौटे संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान दर्शनलाल वधवा से भास्कर संवाददाता ने की बातचीत और जानी उनकी राय...।
सवाल : विरोध से कट नहीं खुले, आपको क्या मिला?
जवाब : कट नहीं खुले, यू-टर्न पर आश्वासन मिला है।
सवाल - यह तो बिना धरने के बिना भी हो सकता था।
जवाब: पहले बात की थी। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन धरने पर बैठना पड़ा है।
सवाल : यू-टर्न से व्यापारियों की समस्या का समाधान हो जाएगा?
जवाब : यू-टर्न से वाहनों की बाजारों की तरफ आसानी से आवाजाही हो जाएगी।
सवाल : सप्ताह के बाद भी यू-टर्न पर ठोस नतीजा नहीं हुआ तो व्यापारी क्या करेंगे ?
जवाब : व्यापारी फिर से धरने पर बैठे सकते हैं। हालांकि ये निर्णय मंडल की बैठक में लिया जाएगा।
मंडल का सुझाव- ऑटो भी बंद हों
ञ्चलालबत्ती चौक, बस अड्डा चौक और संजय चौक के कटों के पास यू-टर्न बनाए जाएं।
ञ्चलालबत्ती चौक पर ऑटो नहीं खड़े होने दिए जाएं। इससे जाम लगता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका ऑटो चालकों से कोई द्वेष नहीं है।
क्योंकि सामने से नहीं लगेगा जाम
लालबत्ती के सामने कट से असंध रोड की तरफ का ट्रैफिक दिल्ली लाइन पर जाता है तो करनाल की तरफ से आने वाला ट्रैफिक इसी कट से करनाल लाइन की तरफ या फिर मॉडल टाउन की ओर चला जाता है। आमने-सामने ट्रैफिक आने से हाईवे के अलावा असंध रोड पर भी जाम की स्थिति बन जाती है। बस अड्डा और लालबत्ती के बीच यू-टर्न बनेगा तो दोनों का ट्रैफिक आमने-सामने नहीं आएगा और जाम लगने की आशंका कम रहेगी। रेलवे रोड पर इसी तरह का यू-टर्न बना हुआ है।