पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ९ दिन बाद भी नहीं सधे सुर ताल, बच्चों ने दोबारा बहाया पसीना

९ दिन बाद भी नहीं सधे सुर-ताल, बच्चों ने दोबारा बहाया पसीना

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रोहतक
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर पुलिस लाइन ग्राउंड में अंतिम रिहर्सल के दौरान मॉडल स्कूल के बैंड को राष्ट्रगान के लिए मैदान पर बुलाया गया। सुबह 11:15 बजे बैंड ने बीन से धुन निकालनी शुरू की, लेकिन धुन ठीक से बज नहीं पाई। ड्रम बजाकर राष्ट्रगान पूरा किया गया। डीसी ने बैंड इंचार्ज को मंच पर बुलाकर कहा कि कुछ तो कमी है। सुर-ताल ठीक से नहीं सध पा रहे हैं। और बेहतर करो।
हर कार्यक्रम में प्रशिक्षकों को टोका गया कि आपके कार्यक्रम में बच्चों की टाइमिंग सही नहीं है। खासतौर से जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एपीआरओ गजेंद्र फौगाट हर कार्यक्रम के दौरान आगे बढ़कर प्रशिक्षकों के साथ-साथ बच्चों को भी टोकते नजर आए। इससे प्रशिक्षक भी नाराज हुए। बाद में, डीसी डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने संतोषजनक प्रदर्शन न होने पर सभी इंचार्ज को अच्छा प्रदर्शन करने की नसीहत दी।
डीसी के चले जाने के बाद बच्चों ने दोबारा से रिहर्सल की और दोपहर तक दो-दो बार अपने-अपने आइटम की तैयारी के लिए ग्राउंड मार्किंग व ब्लाकिंग के साथ नृत्य करते हुए पसीना बहाया। इससे पहले, रिहर्सल के दौरान डीसी ने ध्वजारोहण किया। डीसी ने एसपी राजेश दुग्गल व परेड कमांडर डीएसपी करण गोयल के साथ परेड टुकडिय़ों का निरीक्षण किया और सलामी ली। बता दें कि 26 जनवरी को सुबह 10 बजे शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल मुख्य अतिथि होंगी। गौरतलब है कि पहली रिहर्सल १६ जनवरी को हुई थी।
जंप रोप की टीम बाहर
रिहर्सल के दौरान जंप रोप की प्रस्तुति लेकर आए स्कूल की टीम को बाहर कर दिया गया। वहीं, रिहर्सल के बाद एक इंचार्ज ने अल्प आहार ((रिफ्रेशमेंट)) कम मिलने पर रिफ्रेशमेंट इंचार्ज से खूब बहस की। बाद में एडीसी के गनमैन के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ।
पहली बार जुड़ी खाद्य आपूर्ति विभाग की झांकी: जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से भी झांकी को भी पहली बार शामिल किया गया है। इसमें खाद्य सुरक्षा योजना की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। झांकी में एक महिला, डिपो पर राशन लेते हुए भी दर्शाई गई है।



परेड ग्राउंड पर इस बार ‘शेरू’ की बारी

हाल ही में मुक्तसर पंजाब में ऑल इंडिया मुर्राह नस्ल झोटों की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहने वाले बोहर गांव निवासी देवेंद्र सिंह नांदल का शेरू झोटा पशुपालन विभाग की झांकी में वॉक करेगा।