75 सेकंड मौत से लड़ा राजेश
भास्कर न्यूज - रोहतक
काहनौर बैंक में लूट के इरादे से मौत बनकर घुसे बालंद निवासी संदीप उर्फ बंटी से सुरक्षा गार्ड राजेश 75 सेकंड तक दो-दो हाथ करता रहा। हिम्मत दिखाते हुए न केवल लुटेरे के हौसले पस्त किए, बल्कि गोली लगने के बावजूद उसे दबोचे रखा।
शनिवार को बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस अधिकारी भी दोनों सुरक्षा गार्डों की बहादुरी की तारीफ किए बगैर नहीं रह सके। गणतंत्र दिवस पर
शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल दोनों को सम्मानित करेंगी।
12 बजकर 36 मिनट पर दाखिल हुआ लुटेरा : बैंक की फुटेज से साफ है कि दोपहर 12 बजकर 36 मिनट व 1 सेकंड पर नकाबपोश लुटेरा अंदर घुसा और ग्राहकों के साथ बैठे सुरक्षा गार्ड राजेश को दबोच लिया। हाथापाई व रिवॉल्वर देखकर पास बैठे उपभोक्ता बाहर भाग गए। वहीं, बाहर दो लुटेरों ने दूसरे गार्ड नरेश को काबू किया, लेकिन उसने बहादुरी का परिचय देते हुए गोलियों की परवाह किए गए बगैर गेट बंद कर दिया। वहीं, राजपुताना राइफल से सेवानिवृत राजेश ने अंदर लुटेरे की गर्दन पकड़ ली, जबकि लुटेरा हाथ में पिस्तौल लिए हुए था। उसने पिस्तौल पीछे कर ली। किसी तरह छुड़ाकर पिछले गेट से बाहर भाग गया।
काहनौर निवासी रणधीर ने दिया साथ : फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि उपभोक्ता काहनौर निवासी रणधीर सिंह ने सुरक्षा गार्ड राजेश का साथ दिया। बैंक के अंदर आए दूसरे उपभोक्ता व कर्मचारी सब डर के मारे बाहर भाग गए। अगर वे साथ देते तो लुटेरे गोली तक नहीं चला पाते और जांबाज सुरक्षा गार्ड घायल नहीं होते।
लुटेरा पांच दिन के रिमांड पर : मामले में दबोचे गए लूट के आरोपी संदीप उर्फ बंटी को कलानौर पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने अदालत को बताया कि वारदात में उसके दो साथी मंजीत व परविंद्र भी शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार करने व हथियार बरामद करने के लिए एक सप्ताह का रिमांड चाहिए। कोर्ट ने पुलिस की अर्जी मंजूर करते हुए पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया।
:लूट का आरोपी पांच दिन के रिमांड पर, दो अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर
:पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज, आज गणतंत्र दिवस पर शिक्षा मंत्री करेंगी सम्मानित
सीसीटीवी फुटेज में हथियारबंद युवक से भिड़ता राजेश। ((लाल घेरे मेें पिस्तौल))