पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पहले मेयर फिर एक्सईएन को घेरा, ३ घंटे हंगामा

पहले मेयर फिर एक्सईएन को घेरा, ३ घंटे हंगामा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रोहतक
सरकार व प्रशासन की उपेक्षा से परेशान नगर निगम के पार्षद मंगलवार को भड़क उठे। परेशान पार्षदों ने पहले मेयर रेणु डाबला, फिर जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन जेसी जांगड़ा के कार्यालय में जमकर ३ घंटे तक हंगामा किया। मेयर ने जहां पार्षदों का साथ देने की बात कही, वहीं एक्सईएन ने सात दिन का समय मांगा है। पार्षद अब गुरुवार को शहर में आ रहे सांसद दीपेंद्र हुड्डा को अनदेखी का
दुखड़ा सुनाएंगे।
ढाई माह से पार्षदों की बैठक नहीं हुई है। चौतरफा दबाव के बाद मंगलवार दोपहर दो बजे मेयर रेणु डाबला ने पार्षदों को फोन करके कार्यालय में बुलाया। बैठक तो एजेंडा तय करने के लिए बुलाई गई, लेकिन ढाई माह से उपेक्षा का शिकार पार्षद भड़क उठे। मेयर रेणु डाबला को खरी-खोटी सुनाई। पार्षदों ने कहा कि 11 नवंबर की बैठक में 21 प्रस्ताव पास हुए। उनमें से केवल पार्षदों को 100 स्ट्रीट लाइट उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रस्ताव को लागू नहीं किया गया है। वार्ड-14 की पार्षद नीरा भटनागर के पति नरोतामल भटनागर ने पिछली बैठक में पारित प्रस्ताव एक-एक करके रखा। 20 में से मौजूद मेयर सहित 1५ पार्षदों ने सर्वसम्मति से 20 प्रस्तावों को दोबारा रखने का फैसला लिया।
5 लाख मिले नहीं, 20 की मांग
पार्षदों ने कहा कि प्रस्ताव पास किया गया था कि पार्षद के खाते में 5 लाख रुपए डाले जाएंगे, लेकिन कुछ नहीं मिला। मेयर ने कहा कि पार्षदों ने इसके लिए कमेटी गठित नहीं की। पार्षद उपासना के पति राजेश ने कहा कि अब 5 लाख नहीं, बल्कि 20 लाख रुपए की राशि पार्षदों को खर्च करने के लिए दी जाए।



ढूंढ रहे ठेकेदार का विकल्प: डीसी

डीसी डा. अमित अग्रवाल का कहना है कि ठेकेदार तरुण गुप्ता के खिलाफ बार-बार शिकायतें मिल रही हैं। अचानक ठेका रद्द नहीं किया जा सकता। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ठेकेदार का विकल्प तलाश करने के लिए कहा गया है। उपायुक्त ने किसी तरह के दबाव से साफ मना कर दिया। वहीं, इनेलो जिलाध्यक्ष सतीश नांदल का कहना है कि जब कांग्रेस समर्थित पार्षद ही अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, फिर आम आदमी की कौन सुनेगा।



पार्षद बोले, सांसद से कहेंगे, वोट नहीं मिलेंगे

कांग्रेस समर्थित सीनियर डिप्टी मेयर मंजू हुड्डा के पति बिजेंद्र हुड्डा, वार्ड नंबर 8 की महिला पार्षद उपासना देवी के पति राजेश, वार्ड 19 के पार्षद अनिल कुमार, 18 की पार्षद पूनम किलोई के पति सूरजमल का कहना है कि हर सुबह लोग उनसे पूछने आते हैं कि सीवर की सफाई नहीं करवा सकते तो पार्षद क्यों बने? वे सांसद हुड्डा को साफ कह देंगे कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वोट कट जाएंगी। एक्सईएन कार्यालय में पहुंचने वालों में कांग्रेस समर्थित डिप्टी मेयर अशोक भाटी, ममता रानी, सुशीला इंदौरा, अनिता मिगलानी, लक्ष्मी देवी के पति साहिब सिंह और बलराज उर्फ बल्लू में बल्लू को छोड़कर सभी कांग्रेस समर्थित हैं।



ञ्चवार्ड-20 की महिला पार्षद लक्ष्मी देवी के पति खड़े हुए और पूछा कि पार्षदों का कार्यालय 3 साल का है या 5 का। सभी हंस पड़े। साहिब सिंह बोले, गांव में बहस होती रहती है। कोई पांच तो कोई तीन का कार्यकाल बताता है।

ञ्चसूरजमल किलोई ने मेयर से पूछा कि बताओ की कमेटियों में किसके कहने पर नाम तय हुए। मेयर ने चुप्पी साधने में ही भलाई समझी।

ञ्चपार्षद पति नरोतामल भटनागर पिछली बैठक में पास एजेंडे को पढऩे लगे तो अशोक खुराना व अनिता मिगलानी चर्चा करने लगे। बलराज उर्फ बल्लू ने टोका, आप गंभीर मुद्दे पर ध्यान देने की बजाए आपस में बातचीत कर रहे हैं।

जेई हुए भावुक बोले, एक पैसा नहीं खाया

पार्षदों के आरोपों से आहत जेई भावुक हो उठे। कहा कि पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों पर आरोप लगते रहते हैं कि वे ठेकेदार से मिले हुए हैं। कसम से एक पैसा नहीं खाया। मेयर कार्यालय में हंगामे के बाद मेयर रेणु डाबला, पार्षद अशोक खुराना और अजय जैन को छोड़कर 1२ पार्षद सीधे पब्लिक हेल्थ एसई के कार्यालय पहुंचे, लेकिन वे छुट्टी पर मिले। इसके बाद पार्षद 9 जनवरी को कार्यभार संभालने वाले एक्सईएन जेसी जांगड़ा के कार्यालय में पहुंच गए। एक घंटे तक जमकर हंगामा किया। एक्सईन ने जेई एस कौशिक को बुलाया। कौशिक ने कहा मैं सच बोलूंगा। ठेकेदार तरुण गुप्ता ने 3 साल के लिए ठेका ले रखा है। ठेके में यह शर्त नहीं है कि वह कितने कर्मचारी लगाएगा। उसके दो साल पूरे हो चुके हैं। नियमों के तहत सीधा उसका ठेका रद्द नहीं किया जा सकता।

एजेंडा तय करने के लिए मेयर द्वारा बुलाई बैठक में वार्ड नंबर 2 से ममता रानी, तीन से सुशीला इंदौरा, 4 से खुद मेयर रेणु डाबला, 6 से मंजू हुड्डा के पति बिजेंद्र हुड्डा, 7 से सरिता देवी के पति रमेश कुमार, 8 से उपासना देवी के पति राजेश, 9 से बलराज उर्फ बल्लू, 10 से अशोक खुराना, 11 से अनिता मिगलानी, 13 से संजय सैनी, 14 से नीरा भटनागर के पति नरोतामल भटनागर, 16 से अशोक भाटी, 18 से पूनम किलोई के पति सूरजमल, 19 से अनिल कुमार व 20 से लक्ष्मी देवी के पति साहिब सिंह पहुंचे। जबकि वार्ड 1 से राजबीर सैनी, 5 से सूरजमल रोज, 12 से गुलशन ईश पुनियानी, 15 से अजय जैन व 17 से जयकिशन शर्मा नहीं आए। शर्मा एक सप्ताह से बीमार हैं।

पिछली बैठक में पास 21 में से 20 प्रस्ताव अधूरे, मेयर ने लिखा पत्र, आज शाम तक भेजने हैं नए प्रस्ताव

सदन की संभावित बैठक 6 को, डीसी से अनुमति मिलना अभी बाकी

मेयर बोलीं, मैं पार्षदों के साथ खुद के वार्ड की हालत खस्ता

कल सांसद से मिलेंगे पार्षद, एक्सईएन ने मांगा सप्ताह का समय